
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यानी गुरुवार (14 मार्च) को नई दिल्ली में पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम देशभर के करीब एक लाख रेहड़ी-पटरी (स्ट्रीट वेंडरों) को योजना के तहत बिना किसी अग्रिम गारंटी के ऋण आवंटित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मार्च को शाम 5 बजे दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। वह इस अवसर पर दिल्ली के 5,000 स्ट्रीट वेंडरों सहित एक लाख स्ट्रीट वेंडरों (एस.वी) को योजना के तहत ऋण भी वितरित करेंगे।
01 जून, 2020 को पीएम स्वनिधि योजना की हुई थी शुरुआत
महामारी के कारण वैश्विक आर्थिक संकट के कारण हाशिए पर रहने वाले वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए 01 जून, 2020 को पीएम स्वनिधि योजना लॉन्च की गई थी। यह सड़क पर पर रहने वाले समुदायों के लिए परिवर्तनकारी साबित हुआ है।
अब तक 62 लाख से अधिक रेहड़ी पटरी वालों को मिला इस योजना से लाभ
अब तक देशभर में 62 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को 10,978 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का 82 लाख से अधिक ऋण वितरित किया जा चुका है। अकेले दिल्ली में लगभग 02 लाख ऋण वितरित किए गए हैं, जिनकी राशि 232 करोड़ रुपये है।
इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली मेट्रो के दो अतिरिक्त कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत-जी ब्लॉक और इंद्रलोक से -इंद्रप्रस्थ की आधारशिला भी रखेंगे। दोनों मेट्रो प्रोजेक्ट कुल मिलाकर 20 किलोमीटर से अधिक लंबे होंगे जो कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने और यातायात की भीड़ को कम करने में मददगार होंगे।

