31 मार्च को गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, 19,800 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को गुजरात दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे वाव-थराद से केंद्र और राज्य सरकार के कुल 19,806.9 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

केंद्र और राज्य के बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल

इन परियोजनाओं में भारत सरकार के ऊर्जा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और रेलवे मंत्रालयों के 10,921 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। वहीं, गुजरात सरकार के शहरी विकास, जल संसाधन, जलापूर्ति, सड़क एवं भवन, जीआईडीसी, स्वास्थ्य, पर्यटन और आदिजाति विकास विभागों के 8,886 करोड़ रुपए के कार्य भी शामिल हैं।

कच्छ में दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क

कच्छ जिले के खावड़ा में बन रहे विश्व के सबसे बड़े हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क से जुड़े 3,645 करोड़ रुपए के तीन प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण किया जाएगा। इनसे हजारों मेगावाट हरित ऊर्जा राष्ट्रीय ग्रिड से जुड़ेगी, जिससे ऊर्जा सुरक्षा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

सड़क और हाईवे परियोजनाओं को रफ्तार

सड़क परिवहन मंत्रालय के तहत इडर-बारडोली बाईपास फोर लेन रोड (705 करोड़ रुपए) और धोळावीरा-मौवाणा-वोवा-सांतलपुर सेक्शन (575 करोड़ रुपए) का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा अहमदाबाद-धोलेरा प्रोजेक्ट के चार पैकेज—पैकेज 1 (1,298 करोड़), पैकेज 2 (1,415 करोड़), पैकेज 3 (1,034 करोड़) और पैकेज 4 (1,358 करोड़)—का लोकार्पण भी किया जाएगा।

रेलवे परियोजनाओं का विस्तार

रेल मंत्रालय के 891 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन होगा। इनमें हिंमतनगर-खेडब्रह्मा ब्रॉडगेज लाइन, गांधीधाम-आदिपुर क्वाड्रपलिंग और कालानुस-जामनगर डबलिंग जैसे कार्य शामिल हैं। साथ ही खेडब्रह्मा से नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

अहमदाबाद-गांधीनगर में शहरी विकास को बढ़ावा

गुजरात सरकार के शहरी विकास विभाग के तहत 5,295.5 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास होगा। अहमदाबाद में खारीकट कैनाल विकास, बीआरटीएस और एएमटीएस बस सेवा का आधुनिकीकरण, नया फोर लेन सुभाष ब्रिज, ईडब्ल्यूएस आवास, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। गांधीनगर में भी ईडब्ल्यूएस आवास, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, माइक्रोटनलिंग और स्टॉर्म वॉटर लाइन जैसे कार्यों को गति मिलेगी।

पीएम आवास योजना के तहत गृह प्रवेश

प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुजरात के 34 जिलों में 38,949 घरों में गृह प्रवेश भी कराएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का अपने घर का सपना साकार होगा। (इनपुट: आईएएनएस)