प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई आगजनी की घटना को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने हादसे के बाद उठाए गए आपात राहत उपायों और प्रभावित मरीजों की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने दी राहत कार्यों की जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात कर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुई दुर्घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रभावित मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने और दिए जा रहे विशेष चिकित्सा उपचार के बारे में जानकारी दी।
न्यायिक जांच के आदेश की भी दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच कराएगी।
मुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का दौरा
मोहन चरण माझी ने बताया कि उन्होंने सुबह स्वयं एससीबी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सरकारी सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग और टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। (इनपुट: आईएएनएस)


