प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शाह की प्रशासनिक क्षमता और देश की आंतरिक सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है। माओवाद के खतरे को खत्म करने और नशामुक्त समाज के हमारे सपने को आगे बढ़ाने में मिली सफलताएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लोगों की सेवा में एक लंबा और स्वस्थ जीवन मिले।”
मंत्रियों की शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा “केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने में अमित शाह पूरे मनोयोग और कर्मठता के साथ काम कर रहे हैं। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने के साथ-साथ राष्ट्रसेवा में उनकी निरंतर सक्रियता की ईश्वर से कामना करता हूं।”
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अमित शाह के नेतृत्व में ‘नक्सल मुक्त भारत’ के संकल्प को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का लक्ष्य युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की उनकी दूरदर्शिता को दर्शाता है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमित शाह को जनप्रिय नेता, कुशल संगठनकर्ता और श्रेष्ठ रणनीतिकार बताते हुए जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और सहकारिता क्षेत्र को समृद्ध बनाने में उनके प्रयासों की सराहना की।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्र की सुरक्षा और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहनीय बताया तथा उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
अन्य मंत्रियों ने भी दी बधाई
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया, कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री ललन सिंह ने भी अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अधिकांश मंत्रियों ने अपने संदेश में अमित शाह के राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय जीवन की प्रार्थना की। (इनपुट-एजेंसी)


