सरकार का प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) फिलहाल 78 लाख करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 3,000 से ज्यादा परियोजनाओं की निगरानी कर रहा है। यह जानकारी केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि अब तक पीएमजी ने 94% मामलों में परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर दिया है, जिससे विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण में उल्लेखनीय मदद मिली है।
विकसित भारत 2047 के विजन को मिल रहा बल
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के साथ हम विकसित भारत 2047 की ओर बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए पीएमजी बड़े प्रोजेक्ट्स के कार्यान्वयन को तेज करने के लिए एक अहम संस्थागत व्यवस्था बन चुका है।”
समयबद्ध समाधान से बढ़ी परियोजना गति
उन्होंने कहा कि तय समय में अड़चनों को दूर करने और समस्याओं के समाधान की वजह से पीएमजी भारत की परियोजना क्रियान्वयन व्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बन गया है।
निवेशकों का भरोसा बढ़ा, बिजनेस में सुधार
पीयूष गोयल ने कहा कि जैसे-जैसे भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, पीएमजी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होती जा रही है। इससे न केवल परियोजनाएं तेजी से पूरी हो रही हैं, बल्कि निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और कारोबार करने में आसानी भी हुई है।
500 करोड़ रुपए से अधिक निवेश वाली परियोजनाओं पर फोकस
पीएमजी एक संस्थागत व्यवस्था है, जो 500 करोड़ रुपए या उससे अधिक निवेश वाले प्रोजेक्ट्स की चरणबद्ध निगरानी करती है। यह परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं और नियमों से संबंधित अड़चनों को तेजी से दूर करने में सहायता करती है।
2013 में हुई थी पीएमजी की स्थापना
पीएमजी की स्थापना 2013 में कैबिनेट सचिवालय में एक विशेष सेल के रूप में की गई थी। वर्ष 2015 में इसे प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रशासनिक नियंत्रण में लाया गया।
निवेश इंडिया के तहत कर रहा काम
फिलहाल पीएमजी निवेश इंडिया, उद्योग और आंतरिक व्यापार विभाग तथा वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्य कर रहा है। इसका उद्देश्य निवेशकों को एक ही मंच पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि निवेश प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर विशेष जोर
सरकार के अनुसार, पीएमजी जिन परियोजनाओं की निगरानी करता है, वे मुख्य रूप से बुनियादी ढांचे से जुड़ी होती हैं। हालांकि तय मानकों को पूरा करने वाले अन्य क्षेत्रों के प्रोजेक्ट्स को भी इसमें शामिल किया जाता है। पीएमजी सार्वजनिक, निजी और सार्वजनिक-निजी भागीदारी से जुड़े मध्यम और बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दिलाने, नीतिगत मुद्दों के समाधान और बाधाओं को दूर कर परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने में अहम भूमिका निभाता है। (इनपुट: आईएएनएस)


