जयशंकर से बोले पोलैंड के डिप्टी पीएम, सेलेक्टिव टारगेटिंग से बिगड़ेगा वैश्विक व्यापार

पोलैंड के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोर्स्की तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे हुए हैं। सोमवार को उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अमेरिका का नाम लिए बिना टैरिफ के जरिए भारत को चुनिंदा तौर पर निशाना बनाए जाने के तरीके को गलत बताया।

रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर दबाव का मुद्दा उठा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से अमेरिका भारत को रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर लगातार निशाना बना रहा है। अमेरिका रूस के साथ तेल व्यापार रोकने के लिए टैरिफ के जरिए भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में भी हुए शामिल

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात से पहले डिप्टी पीएम रादोस्लाव सिकोर्स्की ने जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में हिस्सा लिया। इसके बाद वे दिल्ली पहुंचे और विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल हुए।

आतंकवाद पर भारत के रुख से जताई सहमति

बैठक की शुरुआत में पोलैंड के डिप्टी पीएम रादोस्लाव सिकोर्स्की ने कहा, “मुझे जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल होकर बेहद खुशी हुई। यह एक बड़ा वैश्विक सांस्कृतिक आयोजन है। मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं कि ट्रांसनेशनल और ट्रांस-बॉर्डर टेररिज्म का मुकाबला किया जाना चाहिए। पोलैंड आगजनी और स्टेट टेररिज्म की कोशिशों, दोनों का शिकार रहा है।”

सेलेक्टिव टैरिफ से वैश्विक व्यापार में अस्थिरता की आशंका

भारत पर टैरिफ के जरिए बनाए जा रहे दबाव पर प्रतिक्रिया देते हुए सिकोर्स्की ने कहा, “मैं टैरिफ के जरिए सेलेक्टिव टारगेटिंग के मुद्दे पर आपसे पूरी तरह सहमत हूं। यूरोप में भी हम इस तरह की स्थितियों से परिचित हैं। हमें आशंका है कि इससे वैश्विक व्यापार उथल-पुथल की ओर बढ़ सकता है।”

यूरोप-भारत संबंधों को लेकर जताई उम्मीद

उन्होंने कहा कि पोलैंड और यूरोप भारत के साथ मजबूत रिश्तों की उम्मीद करते हैं। “हम देख रहे हैं कि भारत यूरोप में कई जगह अपने दूतावास खोल रहा है। यह दर्शाता है कि भारत यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को लेकर गंभीर है और हम चाहते हैं कि भारत यूरोप में सक्रिय रूप से जुड़ा रहे।”

जयशंकर बोले- सेलेक्टिव टारगेटिंग केवल टैरिफ तक सीमित नहीं

डिप्टी पीएम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, “निश्चित रूप से सेलेक्टिव टारगेटिंग सिर्फ टैरिफ तक सीमित नहीं है। इसके और भी तरीके रहे हैं, जिन पर हम आगे चर्चा करेंगे।”

वैश्विक मुद्दों पर सिकोर्स्की ने रखे विचार

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में रादोस्लाव सिकोर्स्की अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। एक पत्रकार और यूरोपीय राजनेता के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, बदलते वैश्विक हालात, संकट से निपटने में पोलैंड की भूमिका और तेजी से बदलती दुनिया में यूरोप के तालमेल जैसे विषयों पर विचार रखे।

यूरोप के बदलावों पर भी हुई चर्चा

वेदांता जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2026 में नवतेज सरना के साथ संवाद के दौरान सिकोर्स्की ने यूरोप में हो रहे राजनीतिक, ऐतिहासिक और मानवीय परिवर्तनों के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने शनिवार को कई अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया।

भारत-पोलैंड सहयोग को लेकर हालिया बैठक

भारत और पोलैंड के बीच पिछले महीने नई दिल्ली में विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) का 11वां दौर आयोजित हुआ था। इसमें दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी। बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और पोलैंड के विदेश मामलों के सचिव व्लादिस्लाव टी. बार्तीशेव्स्की ने की थी। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

23 mins ago | Goa

फिल्म ‘फादरलैंड’ को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की उद्घाटन फिल्म के रूप में चुना गया

पोलैंड के मशहूर फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म 'फादरलैंड' (ओज्किज़ना) को 57वें भारत...

44 mins ago | Film Bazaar

वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण 20 से 24 नवंबर तक गोवा के ‘ताज सिदादे दे गोवा होराइजन’ में आयोजित किया जाएगा

वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण 20 से 24 नवंबर, 2026 तक गोवा के ‘ताज सिदादे दे गोवा होराइजन’ में आयोज...