बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर राजनीतिक हलकों में चूड़ा-दही भोज का दौर जारी है। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और विधायक चेतन आनंद की ओर से गुरुवार को आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे सीएम नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में पहुंचे। यहां लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रामविलास पासवान को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एनडीए की एकजुटता का संकेत मानी जा रही मुलाकात
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दही-चूड़ा भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी को एनडीए के भीतर बेहतर तालमेल और सियासी एकजुटता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
चेतन आनंद के आवास पर भी पहुंचे मुख्यमंत्री
इसके बाद मुख्यमंत्री पटना में जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
जदयू नेताओं और वरिष्ठ चेहरों की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में सांसद लवली आनंद, विधायक श्याम रजक, विधायक रत्नेश सादा, पूर्व सांसद आनंद मोहन सहित बड़ी संख्या में जदयू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तेजप्रताप के भोज की भी रही चर्चा
गौरतलब है कि 14 जनवरी को तेजप्रताप यादव के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में राजद नेता लालू प्रसाद यादव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, साधु यादव और चेतन आनंद मौजूद रहे थे।
तेजस्वी की गैरमौजूदगी ने दिए सियासी संकेत
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज रहीं। हालांकि लालू यादव ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे तेजप्रताप यादव से नाराज नहीं हैं।
कांग्रेस के भोज में विधायकों की गैरहाजिरी पर चर्चा
इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के चूड़ा-दही भोज में पार्टी विधायकों के शामिल न होने को लेकर भी सियासी गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म रहा। (इनपुट: आईएएनएस)


