सदानंदन मास्टर के भाषण पर सियासत गरम, नितिन नबीन ने किया समर्थन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने केरल से राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर के हालिया भाषण को दिल झकझोर देने वाला करार दिया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर केरल में वर्षों से जारी वामपंथी हिंसा और असहिष्णुता का मुद्दा उठाया।

सदानंदन मास्टर का भाषण बताया मार्मिक

नितिन नबीन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सोमवार को राज्यसभा में सदानंदन मास्टर द्वारा प्रस्तुत किया गया दृश्य बेहद व्यथित करने वाला था। उन्होंने कहा कि यह कहानी केरल में राजनीति के नाम पर भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं पर वर्षों से किए जा रहे अत्याचारों और क्रूरता की पराकाष्ठा को उजागर करती है।

अत्याचारों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने नहीं मानी हार

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तमाम हमलों और अमानवीय व्यवहार के बावजूद केरल के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने निरंतर राज्य की भलाई के लिए समर्पित भाव से कार्य करना जारी रखा और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास बनाए रखा।

संसद में मंच देना लोकतंत्र की ताकत: नितिन नबीन

नितिन नबीन ने आगे कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सदानंदन मास्टर को संसद का मंच दिया जाना यह दर्शाता है कि लोकतंत्र केवल सत्ता का संवाद नहीं है, बल्कि उन आवाजों को स्थान देने की प्रतिबद्धता भी है, जिन्हें वर्षों तक अनसुना किया गया। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की आजादी का उपदेश देने वालों के लिए आत्मचिंतन का क्षण बताया।

31 साल पुरानी घटना का किया जिक्र

भाजपा अध्यक्ष ने का यह बयान राज्यसभा में सोमवार को हुए उस भावुक भाषण के संदर्भ में है, जिसमें सदानंदन मास्टर ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान 31 साल पुरानी घटना को याद किया।

सदन में रखे कृत्रिम पैर, मचा हंगामा

सदानंदन मास्टर ने सदन की मेज पर अपने दोनों कृत्रिम पैर रखकर बताया कि वर्ष 1994 में केरल के कन्नूर जिले में सीपीएम से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया था। इस हमले में उनके दोनों पैर घुटने के नीचे से काट दिए गए थे।

नियमों को लेकर विपक्ष का विरोध

भाषण के दौरान सदन में हंगामा हो गया। सीपीएम सांसदों ने इसका विरोध करते हुए इसे सदन में वस्तु दिखाने से संबंधित नियमों का उल्लंघन बताया। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने हस्तक्षेप कर कृत्रिम पैर हटाने को कहा और सभी पक्षों से नियमों का समान रूप से पालन करने की अपील की।

अमित शाह ने भी जताई संवेदना

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘एक्स’ पर सदानंदन मास्टर के भाषण का वीडियो साझा किया था। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में दिखाया गया दृश्य ऐसा था, जिसे देखकर किसी भी इंसान का दिल पसीज जाएगा। अमित शाह ने कहा कि भाजपा और संघ के कार्यकर्ता केरल में दशकों से जिस अमानवीय पीड़ा और हिंसा को झेल रहे हैं, वह सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। (इनपुट: आईएएनएस)