केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने सहारनपुर स्थित डाक प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्मारक डाक टिकट जारी किया। यह कार्यक्रम आकाशवाणी भवन के रंग भवन सभागार में आयोजित हुआ।
75 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा का सम्मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि डाक प्रशिक्षण केंद्र केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि सेवा की जीवंत विरासत है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केंद्र राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।
कई गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर डाक सेवा महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता, डिजिटल संचार आयोग के सदस्य (वित्त) मनीष सिन्हा, महानियंत्रक संचार लेखा वंदना गुप्ता और सदस्य (मानव संसाधन विकास) एसएफएच रिजवी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
लॉजिस्टिक पावर हाउस बनने की दिशा में भारत
सिंधिया ने कहा कि भारत 2030 तक एक वैश्विक लॉजिस्टिक पावर हाउस बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में डाक विभाग और उसके कर्मचारियों की भूमिका अहम है।
1951 में हुई थी स्थापना
डाक प्रशिक्षण केंद्र सहारनपुर की स्थापना 2 अप्रैल 1951 को स्वतंत्र भारत के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। इसका मकसद डाक कर्मियों के लिए एक व्यवस्थित और पेशेवर प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करना था।
आधुनिक सुविधाओं से लैस संस्थान
56.71 एकड़ में फैला यह केंद्र आज 11 उन्नत कंप्यूटर लैब और एक विशेष ई-स्टूडियो से सुसज्जित है। यह हर साल करीब 3,000 कर्मचारियों को ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, डिजिटल ऑपरेशन और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देता है।
ऑनलाइन भी उपलब्ध है डाक टिकट
यह स्मारक डाक टिकट देशभर के डाक टिकट संग्रह केंद्रों पर उपलब्ध है और इसे ऑनलाइन (www.epostoffice.gov.in) भी खरीदा जा सकता है। (इनपुट: पीआईबी)


