केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम क्षेत्र के नियामकीय ढांचे को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पेट्रोलियम (संशोधन) विधेयक, 2026 का मसौदा सार्वजनिक टिप्पणियों के लिए जारी कर दिया है। प्रस्तावित संशोधनों में लाइसेंस संबंधी मामूली उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने का प्रावधान किया गया है, जबकि बिना लाइसेंस गतिविधियां चलाने और पेट्रोलियम अवसंरचना को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर मामलों के लिए कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रस्ताव रखा गया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मसौदे के अनुसार, जिन गतिविधियों के लिए लाइसेंस जरूरी है, उन्हें बिना लाइसेंस संचालित करने पर तीन वर्ष तक की जेल, 25 करोड़ रुपये तक का जुर्माना या दोनों लगाए जा सकते हैं। उल्लंघन लगातार जारी रहने पर दोषी इकाई पर प्रति दिन 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त जुर्माना भी प्रस्तावित है।
धोखाधड़ी और अवसंरचना को नुकसान पर सख्त प्रावधान
मसौदे में धोखाधड़ी से लाइसेंस हासिल करने के मामलों को गंभीर अपराध माना गया है। गलत जानकारी, फर्जी पहचान या बेईमान तरीकों से लाइसेंस प्राप्त करने पर पांच साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान रखा गया है। पेट्रोलियम सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने, ईंधन चोरी करने या लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे मामलों में पहली बार दोषी पाए जाने पर पांच वर्ष तक की कैद और 15 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। दोबारा अपराध करने पर सात वर्ष तक की कैद और 25 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। महत्वपूर्ण पेट्रोलियम अवसंरचना को नुकसान पहुंचाने पर 10 वर्ष तक की जेल और 25 करोड़ रुपये तक का जुर्माना या हुए नुकसान की लागत (जो भी कम हो) लगाया जा सकता है।
मामूली उल्लंघनों के लिए प्रशासनिक दंड तंत्र
सरकार ने लाइसेंस की शर्तों और नियमों के मामूली उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए एक प्रशासनिक दंड तंत्र बनाया जाएगा, जिसके तहत निर्णायक अधिकारी कार्रवाई करेगा।लाइसेंस शर्तों के पहले उल्लंघन पर 2.5 करोड़ रुपये तक का सिविल जुर्माना और दोबारा उल्लंघन पर 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। अधिकारी सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दे सकेंगे और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निलंबन, रद्दीकरण या दायरा सीमित करने की सिफारिश भी कर सकेंगे।
कारोबार सुगमता और सुरक्षा दोनों पर फोकस
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि “लाइसेंस प्राप्त गतिविधि” में पेट्रोलियम या पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन, आयात, भंडारण, रिफाइनिंग, परिवहन और मिश्रण जैसी वे सभी गतिविधियां शामिल हैं, जिनके लिए कानून के तहत लाइसेंस जरूरी है।सरकार का कहना है कि इन संशोधनों का उद्देश्य मामूली नियामकीय उल्लंघनों को अपराध से बाहर कर कारोबार सुगमता को बढ़ावा देना है, साथ ही सार्वजनिक सुरक्षा और महत्वपूर्ण अवसंरचना को प्रभावित करने वाले गंभीर अपराधों के खिलाफ मजबूत निवारक व्यवस्था बनाए रखना है। मंत्रालय ने उद्योग जगत, हितधारकों और आम जनता से 30 अक्टूबर 2026 तक सुझाव और टिप्पणियां मांगी हैं। प्राप्त सुझावों के आधार पर विधेयक को अंतिम रूप दिया जाएगा। (इनपुट-एजेंसी)


