देशभर में आज रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध रेत कलाकार मानस कुमार साहू ने अपने स्टूडियो में एक विशेष सैंड एनीमेशन तैयार किया है। मात्र 10 मिनट में निर्मित यह कलाकृति महिलाओं के सामर्थ्य और उनकी उपलब्धियों को रेखांकित करती है। साथ ही, यह कलाकृति महिला सशक्तीकरण, समानता और विश्व शांति का प्रभावी संदेश भी देती है।
एनीमेशन में प्रेरणादायक भारतीय महिलाओं को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, दिवंगत महान गायिका लता मंगेशकर, ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु, व्योमिका सिंह जैसी हस्तियां महिलाओं की सफलता और सशक्तीकरण का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ऐसी कई महिलाएं हमारे देश का गौरव और शान हैं।
इस सैंड एनीमेशन के माध्यम से, मानस साहू ने एक बेहतर समाज के निर्माण में महिलाओं की शक्ति और योगदान को काफी सराहा है।
मानस कुमार साहू ने कहा कि विश्व महिला दिवस का सेलिब्रेशन चल रहा है। हम लोग अपने कला के माध्यम से पुरी में रेत एनिमेशन बनाया है। समाज के प्रगति में नारियों का बड़ा योगदान होता है, इस रेत एनिमेशन में हमने उसको दर्शाया है। उन्होंने कहा कि कोई डॉक्टर है, कोई वैज्ञानिक है और कोई पायलट है, इस तरह के अनगिनत उदाहण हैं, जो समाज के लिए काम कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हैं।
उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर, पीवी सिंधु, विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसे कई महिलाओं के उदाहरण हैं, जिनका समाज को आगे ले जाने में बड़ा योगदान है। हम लोगों ने उनको सैल्यूट करते हुए सैंड एनिमेशन किया है।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस देश में बड़े उत्साह और विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ लैंगिक समानता और उनके अधिकारों पर जोर देता है। वैश्विक स्तर पर विश्व महिला दिवस 2026 की थीम ‘गिव टू गेन’ है, जो दान और सहयोग की शक्ति पर जोर देती है। यानी जब हम महिलाओं को समर्थन, संसाधन, शिक्षा या अवसर देते हैं, तो पूरा समाज लाभान्वित होता है।
(इनपुट-आईएएनएस)
President Draupadi Murmu and several other leaders extended their greetings on International Women’s Day
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, President Draupadi Murmu, International Women’s Day,
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं एक प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला होती हैं। वह अधिक समावेशी और समृद्ध समाज की नींव को मजबूत बनाती है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! शिक्षित और सशक्त महिलाएं एक प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला होती हैं। जब नारी शक्ति अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करती है और साहस के साथ नेतृत्व करती है, तो वह एक अधिक समावेशी और समृद्ध समाज की नींव को मजबूत बनाती है।”
उन्होंने आगे लिखा, “इस अवसर पर आइए हम यह सामूहिक संकल्प दोहराएं कि ऐसा समाज बनाएंगे जहां हर महिला को आगे बढ़ने और सम्मान, सुरक्षा व स्वतंत्रता के साथ जीवन जीने के समान अवसर मिलें। साथ मिलकर ऐसा वातावरण बनाएं, जहां महिलाओं की आकांक्षाएं और उपलब्धियां एक अधिक समान और न्यायपूर्ण भविष्य का निर्माण करें।”
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नारी शक्ति को बधाई देते हुए पोस्ट में लिखा, “समाज में नारी शक्ति की बेमिसाल भूमिका के लिए मानवता उनका ऋणी है। पीढ़ियों को पाल-पोसकर बड़ा करना और वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति को आगे बढ़ाना, वे हमारी जिंदगी के हर पहलू में योगदान देती हैं। इसी गहरी कृतज्ञता से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला-नेतृत्व वाले विकास की परिकल्पना की है, जहां महिलाएं अब सिर्फ प्रगति की साक्षी नहीं हैं, बल्कि परिवर्तन की वाहक बनकर हमारे देश को महानता की ओर ले जाने वाली अग्रदूत हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं, जिनकी शक्ति, समर्पण और दृढ़ संकल्प हमारे राष्ट्र को निरंतर प्रेरित करते हैं।”
उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम महिलाओं के लिए अधिक अवसर पैदा कर रहे हैं और नारी शक्ति को भारत की विकास यात्रा व राष्ट्र निर्माण में और अधिक सार्थक योगदान देने के लिए सक्षम बना रहे हैं। मैं भारत की नारी शक्ति के संकल्प, धैर्य और उनके अमूल्य योगदान को नमन करता हूं। साहस और अटूट आत्मबल के साथ महिलाएं हमारे देश की प्रगति को दिशा देने और आत्मविश्वासी व आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पोस्ट किया, “प्रत्येक क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दे रही देश की नारी शक्ति को नमन। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “नारी शौर्य है, साहस है, शक्ति है। नारी देवी है, दुर्गा है, ईश्वर की भक्ति है। देवीस्वरूपा नारी को कोटि-कोटि प्रणाम। ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ के अवसर पर सभी मातृशक्ति को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।” (इनपुट-आईएएनएस)


