प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा में पुल ढहने की घटना पर जताया दु:ख

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा जिले में पुल ढहने की घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

पीएमओ के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शोक संदेश किया साझा

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बुधवार को शोक संदेश साझा किया गया। संदेश में लिखा गया, “वडोदरा जिले में पुल ढहने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।”

पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 की अनुग्रह राशि की घोषणा

प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, हादसे में घायल हुए व्यक्तियों को 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

https://x.com/PMOIndia/status/1942844327551447543

उल्लेखनीय है कि गुजरात में एक पुराने ब्रिज के टूट जाने से वहां से गुजर रहे तीन ट्रक, दो इको, एक रिक्शा, एक पिकअप और दो बाइक महिसागर नदी में समा गए। यह दुर्घटना बुधवार की सुबह लगभग 7 से 7:30 बजे के बीच हुई। 

बताया जा रहा है कि इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जिसकी पुष्टि कलेक्टर अनिल धमेलिया ने की है। जबकि कई अन्य लोगों को स्थानीय नागरिकों और बचाव टीम ने रेस्क्यू कर बचा लिया है। इस घटना के बाद, 20 से अधिक अग्निशमन कर्मी, 1 एनडीआरएफ टीम, 1 एसडीआरएफ टीम, 2 अग्निशमन नावें, 3 दमकल गाड़ियां, 10 से अधिक एम्बुलेंस और 5 से अधिक चिकित्सा दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इसके अलावा, स्थानीय लोग भी इसमें शामिल हो गए हैं।

बता दें इस पुल के टूटने से आणंद से वडोदरा, भरूच और अंकलेश्वर का सीधा संपर्क टूट गया है। यह पुल 1985 में बनाया गया था। गुजरात सरकार ने हाल ही में 212 करोड़ रुपए की लागत से एक नए पुल को बनाने की मंजूरी दी थी। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

22 mins ago

HAL ने की 2,000वें एयरो-इंजन की डिलीवरी, अगला लक्ष्य 10 हजार इंजनः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने मंगलवार को भारत की एयरो-इंजन क्षेत्र में एक महत्वपूर...

43 mins ago | Cotton Export from India

विश्व कपास दिवस : खेत से करघे तक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की कहानी

सभ्यताएं बदलीं, पहनावे के रंग और रूप बदले, समय के दौर भी ढले, पर माटी से उपजे कपास के सूत की कोमलता ...