केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने दवा निर्माण में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ड्रग्स रूल्स, 1945 में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत दवा निर्माताओं को बाजार में दवाओं का बैच जारी करने से पहले उसकी मंजूरी देने के लिए एक योग्य और अनुभवी अधिकारी नियुक्त करना अनिवार्य हो सकता है।
प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, संबंधित नियमों के तहत लाइसेंस लेने वाले दवा निर्माताओं को बैच रिलीज की जिम्मेदारी संभालने के लिए उपयुक्त योग्यता और अनुभव वाले व्यक्ति को नामित करना होगा। इसके अलावा, प्रत्येक बैच को जारी करने से जुड़े निर्धारित रिकॉर्ड रखने और तय प्रारूप में बैच रिलीज प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था भी करनी होगी।
मंत्रालय ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य मौजूदा नियामकीय व्यवस्था की एक कमी को दूर करना है। वर्तमान नियमों के तहत निर्माताओं को उत्पादन और परीक्षण से जुड़े तकनीकी कर्मचारियों का विवरण देना होता है, लेकिन बाजार में दवाओं का बैच जारी करने की मंजूरी देने वाले अधिकृत व्यक्ति की पहचान अनिवार्य नहीं है।
दवा निर्माण प्रक्रिया में बैच रिलीज एक महत्वपूर्ण चरण है। इसमें दवाओं को बाजार में भेजने से पहले उत्पादन रिकॉर्ड, गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े आंकड़ों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की व्यापक समीक्षा की जाती है।
प्रस्तावित संशोधन से बैच जारी करने के फैसले की जिम्मेदारी स्पष्ट होगी, उत्पादों की निगरानी बेहतर होगी और दवाओं की गुणवत्ता पर नियामकीय नियंत्रण मजबूत होगा।
मंत्रालय के अनुसार, नई व्यवस्था से दवा निर्माताओं को अच्छी विनिर्माण प्रक्रियाओं (जीएमपी) के निर्धारित मानकों का पालन करने में मदद मिलेगी। साथ ही, बैच रिलीज प्रमाणपत्र यह दस्तावेजी प्रमाण होगा कि संबंधित बैच की जरूरी जांच और समीक्षा पूरी हो चुकी है तथा वह निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रस्तावित संशोधनों पर संबंधित पक्षों और आम जनता से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की हैं। लोग अपनी प्रतिक्रिया स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अवर सचिव (औषधि विनियमन) को भेज सकते हैं। इसके लिए मंत्रालय की ओर से अधिसूचित ईमेल पते का भी उपयोग किया जा सकता है।
-(इनपुटः आईएएनएस)


