केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) 13 से 15 जनवरी तक इजरायल की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह यात्रा भारत और इजरायल के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।
‘सी द फ्यूचर’ ब्लू फूड सिक्योरिटी समिट में लेंगे हिस्सा
बयान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह इजरायल के कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री एवी डिक्टर के निमंत्रण पर ‘सेकेंड ग्लोबल समिट ऑन ब्लू फूड सिक्योरिटी: सी द फ्यूचर’ में भाग लेंगे। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर टिकाऊ मत्स्य पालन और जलीय कृषि को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
भारत-इजरायल साझेदारी को मिलेगा नया आयाम
इस यात्रा से भारत और इजरायल के बीच पुरानी साझेदारी को और गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा और आपसी हितों से जुड़े नए अवसर सामने आएंगे।
नीतिगत तालमेल और टिकाऊ मत्स्य प्रबंधन पर जोर
मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा इस बात को दर्शाती है कि दोनों देश मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जलीय कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा
द्विपक्षीय बैठकों में नीतियों में तालमेल, संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने, टिकाऊ मत्स्य प्रबंधन और आधुनिक जलीय कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा होगी।
अनुसंधान, नवाचार और निवेश पर होगी बातचीत
मंत्रालय ने बताया कि बैठकों में अनुसंधान, प्रशिक्षण और नवाचार को आगे बढ़ाने, बेहतर बाजार पहुंच और मानकों के जरिए व्यापार व निवेश बढ़ाने, उन्नत जलीय कृषि में संयुक्त अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता और खाद्य सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर फोकस किया जाएगा।
स्टार्टअप्स और तकनीकी केंद्रों का करेंगे दौरा
यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह इजरायल की प्रमुख कंपनियों और स्टार्टअप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे, जो कृषि, मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। इसके अलावा, वे उन प्रमुख संस्थानों और नवाचार केंद्रों का भी दौरा करेंगे, जहां इजरायल की उन्नत और आधुनिक जलीय कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। (इनपुट: आईएएनएस)


