भारत सरकार के रसायन और उर्वरक मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति का पुनर्गठन कर दिया गया है। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की अगुवाई वाली इस समिति की उपाध्यक्ष राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को बनाया गया है। पुनर्गठन के संबंध में भारत का राजपत्र में संकल्प प्रकाशित किया गया है।

समिति के सदस्य

मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से दो लोकसभा और दो राज्यसभा सांसद नामित किए गए हैं। नामित सदस्यों में पश्चिम बंगाल के अलीपुर द्वार से लोकसभा सांसद मनोज तिग्गा, उत्तर प्रदेश के देवरिया से लोकसभा सांसद शशांक मणि, नागालैंड से राज्यसभा सांसद एस फान्गनान कोन्याक और बिहार से राज्यसभा सांसद संजय झा शामिल हैं। वहीं उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और सोनीपत से लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी को संसदीय राजभाषा समिति ने नामित किया है।

अन्य नामित सदस्य

समिति में चार सदस्य रसायन और उर्वरक मंत्रालय से, एक सदस्य विश्व हिंदी परिषद से, एक सदस्य हिंदी प्रचार सभा हैदराबाद से और तीन सदस्य गृह मंत्रालय का राजभाषा विभाग की ओर से नामित किए गए हैं। मंत्रालय के अधीन उर्वरक, रसायन एवं पेट्रोरसायन तथा औषध विभागों के सचिव सहित कुल 37 सरकारी सदस्य भी समिति का हिस्सा होंगे।

हिंदी सलाहकार समिति के कार्य

हिंदी सलाहकार समिति का मुख्य कार्य संविधान के राजभाषा संबंधी प्रावधानों, केंद्रीय हिंदी समिति के नीतिगत निर्णयों, राजभाषा अधिनियम एवं नियमों तथा गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप मंत्रालय और उसके अधीन कार्यालयों में सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा करना और आवश्यक सलाह देना है।

सलाहकार समिति का कार्यकाल

हिंदी सलाहकार समिति का कार्यकाल गठन की तिथि से तीन वर्ष का होता है। विशेष परिस्थितियों में ही इस अवधि को बढ़ाया या घटाया जा सकता है। सांसद सदस्य तब तक बने रहते हैं जब तक उनका संसदीय कार्यकाल प्रभावी रहता है, जबकि पदेन सदस्य अपने पद पर रहते हुए ही समिति का हिस्सा होते हैं। किसी सदस्य के त्यागपत्र या निधन से रिक्त स्थान पर नामित सदस्य केवल शेष कार्यकाल तक ही सदस्य रहेगा।

समिति की बैठकें

रसायन और उर्वरक मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठकें नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के अलावा आवश्यकता अनुसार अन्य स्थानों पर भी आयोजित की जा सकती हैं। (इनपुट: पीआईबी)