प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (पीएमजीएस एनएमपी) के अंतर्गत बहुआयामी कनेक्टिविटी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अवसंरचना परियोजनाओं के नेटवर्क योजना समूह (एनपीजी) की 108वीं बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) में संपन्न हुई, जिसमें सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
सात सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) की कुल सात परियोजनाओं का मूल्यांकन किया गया। इन परियोजनाओं का विश्लेषण प्रधानमंत्री गतिशक्ति के सिद्धांतों के अनुरूप एकीकृत बहुआयामी अवसंरचना, अंतिम मील कनेक्टिविटी और ‘संपूर्ण सरकारी’ दृष्टिकोण के तहत किया गया। इन पहलों से लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ने, यात्रा समय घटने और सामाजिक-आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
तमिलनाडु में एनएच-544 का छह लेन कॉरिडोर
तमिलनाडु में सलेम-कुमारपालयम खंड पर एनएच-544 के 102.035 किलोमीटर लंबे छह लेन कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। यह परियोजना कोच्चि-कोयंबटूर-बेंगलुरु के व्यस्त आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा है। इसके तहत सर्विस रोड, जंक्शन, इंटरचेंज, फ्लाईओवर, आरओबी और पुलों का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा। इससे औद्योगिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स हब, एसईजेड, रेलवे टर्मिनल और आईसीडी तक पहुंच बेहतर होगी और कपड़ा, कृषि-प्रसंस्करण व विनिर्माण क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।
अमरावती आउटर रिंग रोड को मंजूरी की तैयारी
आंध्र प्रदेश में 189.93 किलोमीटर लंबी अमरावती आउटर रिंग रोड (ओआरआर) एक ग्रीनफील्ड परियोजना के रूप में प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य विजयवाड़ा, गुंटूर और तेनाली जैसे शहरी क्षेत्रों में यातायात दबाव कम करना है। यह ओआरआर राष्ट्रीय जलमार्ग-4 से जुड़ेगी और मछलीपटनम व कृष्णापटनम बंदरगाहों तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगी। परियोजना से यात्रा समय में 30-40% तक कमी आने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में सीमावर्ती कनेक्टिविटी मजबूत
जम्मू-कश्मीर में रफीबाद-कुपवाड़ा-चौकीबल-तंगधार तक 62.10 किलोमीटर लंबी दो लेन सड़क को पक्के शोल्डर के साथ चौड़ा और मजबूत करने का प्रस्ताव रखा गया है। यह परियोजना सीमावर्ती गांवों, एलओसी के पास स्थित क्षेत्रों और सुरक्षा बलों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।
लद्दाख में लेह बाईपास परियोजना
लद्दाख में फ्यांग से 48.108 किलोमीटर लंबे लेह बाईपास-1 के निर्माण का प्रस्ताव है, जो एनएच-01 और एनएच-03 को जोड़ेगा। यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर लेह शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से यातायात को बाहर मोड़ेगा और हवाई अड्डे, औद्योगिक क्षेत्रों व दूरस्थ गांवों तक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
चित्रकूट-सतना कॉरिडोर होगा चार लेन
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में फैले 77.102 किलोमीटर लंबे चित्रकूट-मझगवां-सतना खंड को दो लेन से चार लेन की विभाजित सड़क में बदला जाएगा। इससे अंतरराज्यीय संपर्क, औद्योगिक माल ढुलाई और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, सीमेंट उद्योग से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
ओडिशा-झारखंड में ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग
ओडिशा और झारखंड के बीच राउरकेला से सिथियो तक 156.10 किलोमीटर लंबे चार लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड राजमार्ग का प्रस्ताव रखा गया है। यह मार्ग एनएच-53, एनएच-19, एशियाई राजमार्ग नेटवर्क और गोल्डन क्वाड्रिलैटरल से जुड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय लॉजिस्टिक्स को मजबूती मिलेगी।
पटना रिंग रोड से ट्रैफिक जाम में राहत
बिहार में पटना रिंग रोड परियोजना के तहत कन्हौली से शेरपुर तक 9.98 किलोमीटर लंबे छह लेन ग्रीनफील्ड राजमार्ग (एनएच-131जी) के निर्माण का प्रस्ताव है। यह एनएच-30 और एनएच-922 को जोड़ेगा और पटना व आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम कम करने में सहायक होगा। इससे बिहटा हवाई अड्डा, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब तक पहुंच भी बेहतर होगी। (इनपुट: पीआईबी)


