राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक व प्रथम सरसंघचालक केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती गुरुवार को मनाई जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमित शाह ने किया कोटि-कोटि नमन
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि हेडगेवार ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दूरदर्शी सोच के साथ संघ की स्थापना की, जो आज एक विराट वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता की मजबूत परंपरा को जन्म दिया।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया प्रेरणास्रोत
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेडगेवार को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रखर विचार देश के युवाओं को राष्ट्र सेवा और समाज के उत्थान के लिए हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर दिया जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हेडगेवार का अनुशासित और समर्पित जीवन आज भी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मोहन यादव ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का किया उल्लेख
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अग्रदूत बताते हुए कहा कि उनका जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा।
भजनलाल शर्मा ने कहा- प्रेरणापुंज बना रहेगा जीवन
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हेडगेवार का ‘राष्ट्र प्रथम’ का विचार सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
पुष्कर सिंह धामी ने बताया अनुशासन और त्याग का उदाहरण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हेडगेवार का जीवन अनुशासन, त्याग और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का ऐतिहासिक कार्य हुआ।
राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
नेताओं ने अपने संदेशों में हेडगेवार के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और विचार देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, समर्पण और संगठन की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। (इनपुट: आईएएनएस)


