बिहार में नए साल के आगमन के बाद भी ठंड का प्रकोप जारी है। पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में धूप न निकलने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर काफी कम दर्ज किया जा रहा है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।
गयाजी सबसे ठंडा, तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस
पटना मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गयाजी में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भागलपुर के सबौर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और पटना में 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में न्यूनतम तापमान 4.1 से 9.6 डिग्री के बीच
राज्यभर में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस से 9.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
दरभंगा में भीषण शीत दिवस, कई इलाकों में शीत दिवस
मौसम विभाग के मुताबिक, विगत 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान दरभंगा में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया, जबकि छपरा और वाल्मीकिनगर में शीत दिवस की स्थिति बनी रही।
पटना में निकली धूप, लेकिन तपिश नहीं
पटना में गुरुवार को दोपहर बाद धूप तो निकली, लेकिन उसमें तपिश न के बराबर रही। उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच से सात दिनों के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी ज्यादा अंतर आने की उम्मीद नहीं जताई गई है।
कई क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति बरकरार
राज्य के दक्षिण, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-मध्य हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी।
ठंड के चलते 11 जनवरी तक स्कूल बंद
पटना जिले में ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी निजी और सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 11 जनवरी तक रोक लगा दी है।
ऊपरी कक्षाओं के लिए बदला गया समय
कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे के बीच संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। (इनपुट-आईएएनएस)


