केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सद्य:प्रकाशित पुस्तक ‘अपनापन’ का लोकार्पण 26 मई को नई दिल्ली स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार, एनएएससी कॉम्प्लैक्स, पूसा में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू पुस्तक का लोकार्पण करेंगे।
भव्य आयोजन में कई दिग्गज होंगे शामिल
इस विशेष कार्यक्रम में भारत सरकार के कई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, समाजधर्मी, लेखक और पत्रकार भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को राजनीतिक, सामाजिक और वैचारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीएम मोदी के साथ अनुभवों का आत्मीय संकलन
‘अपनापन’ एक आत्मीय और प्रेरणादायी कृति है, जिसमें नरेंद्र मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में देखे, सीखे और आत्मसात किए गए अनुभवों को शिवराज सिंह चौहान ने सजीव रूप में प्रस्तुत किया है। शिवराज सिंह चौहान ने तीन दशकों से अधिक समय तक नरेंद्र मोदी को विभिन्न जिम्मेदारियों में निकट से देखा और उनसे सीखा है। यह यात्रा उस दौर से शुरू होती है, जब दोनों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता थे और आगे मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के रूप में साथ काम करने तक पहुंचती है। वर्तमान में भी शिवराज सिंह चौहान, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं।
नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण की विचार-यात्रा
यह पुस्तक केवल घटनाओं का विवरण नहीं, बल्कि एक वैचारिक यात्रा है, जिसमें संगठन, समर्पण और संदेश के माध्यम से नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र-निर्माण के सूत्र सामने आते हैं। पुस्तक के केंद्र में ‘सेवा’, ‘अंत्योदय’, ‘जन भागीदारी’, ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘लोक कल्याण’ जैसे मूल मंत्र हैं, जो गवर्नेंस के साथ-साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी देते हैं। पुस्तक यह भी बताती है कि दृढ़ संकल्प, स्पष्ट दृष्टि और निरंतर परिश्रम के जरिए असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। ‘अपनापन’ केवल एक नेता के साथ बिताए गए अनुभवों का संग्रह नहीं, बल्कि उन मूल्यों का दर्पण है, जो राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखते हैं।
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के विविध आयाम
पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ सार्वजनिक जीवन के अनेक आयामों, उनकी कार्ययोजनाओं और उनके सफल क्रियान्वयन को विस्तार से दर्शाया गया है। साथ ही ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक राजनीतिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों के पाठकों के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
शिवराज सिंह चौहान का राजनीतिक सफर
शिवराज सिंह चौहान का जन्म 5 मार्च 1959 को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की बुधनी तहसील के जैत गांव में हुआ था। वर्ष 1974 में मात्र 15 वर्ष की उम्र में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े। 1975 में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में सक्रिय हुए और बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संसदीय बोर्ड के सचिव के रूप में भी कार्य किया। उनका निर्वाचित राजनीतिक जीवन 1990 में बुधनी से विधायक चुने जाने के साथ शुरू हुआ। 1991 में उन्होंने विदिशा लोकसभा सीट जीती और लगातार पांच बार सांसद चुने गए।
मध्य प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड
नवंबर 2005 में शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2005 से 2018 और फिर 2020 से 2023 तक चार कार्यकालों में उन्होंने राज्य का नेतृत्व किया और मध्य प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बने। वर्ष 2024 में वे फिर से विदिशा लोकसभा सीट से 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए और वर्तमान में भारत सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


