मोदी के विजन को जमीन पर उतारेंगे शिवराज, एआई आधारित ‘भारत-विस्तार’ से किसानों को मिलेगी डिजिटल ताकत

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 फरवरी को जयपुर में किसानों के लिए एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘भारत-विस्तार’ लॉन्च करेंगे। नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तैयार यह प्लेटफॉर्म किसानों को फोन कॉल, चैटबॉट और आगे चलकर मोबाइल ऐप के माध्यम से मौसम, मंडीभाव, कीट-रोग, मृदा स्वास्थ्य, फसल सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा।

लॉन्च कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी

लॉन्च समारोह में भजनलाल शर्मा सहित विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, सांसद, विधायक, कृषि संस्थानों के प्रतिनिधि और देशभर के किसान वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में ‘एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप’ जारी किया जाएगा तथा ‘एआई हैकथॉन’ और ‘एग्रीकोष’ की घोषणा भी होगी।

किसान-केंद्रित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर

‘भारत-विस्तार’ किसान-केंद्रित एआई-संचालित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो विभिन्न सरकारी और वैज्ञानिक स्रोतों को जोड़कर किसानों तक भरोसेमंद जानकारी पहुंचाएगा। किसान मौसम, मंडीभाव, फसल प्रबंधन, कीट नियंत्रण और प्रमुख सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा उनकी स्थिति एक ही प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।

वॉयस-फर्स्ट एआई से आसान पहुंच

प्लेटफॉर्म को वॉयस-फर्स्ट एआई के रूप में विकसित किया गया है, ताकि फीचर फोन उपयोगकर्ता किसान भी कॉल के जरिए जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके लिए टेलीफोनी हेल्पलाइन 155261 को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, साथ ही वेबसाइट, मोबाइल साइट चैटबॉट और एंड्रॉयड ऐप की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

एकीकृत डेटा और सेवाएं

फेज-1 में मौसम की जानकारी, मंडीभाव, कीट-रोग प्रबंधन, एग्री-स्टैक डेटा और केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। किसान योजना की जानकारी, आवेदन की स्थिति, लाभ ट्रैकिंग और शिकायत दर्ज कर समाधान की स्थिति भी देख सकेंगे।

राष्ट्रीय स्तर के कृषि डिजिटल नेटवर्क की दिशा में कदम

प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर आधारित यह प्लेटफॉर्म विभिन्न सरकारी और बाजार प्रणालियों को जोड़ने में सक्षम होगा। प्रारंभिक चरण में महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों को जोड़ा गया है और आगे इसे अधिक राज्यों व भाषाओं तक विस्तार दिया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)