संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एडवांस्ड 2026 में देशभर में पहला स्थान हासिल कर बिहार के शुभम कुमार ने राज्य का गौरव बढ़ाया है। सोमवार को घोषित परिणाम में शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। इस उपलब्धि पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में बिहार का नाम गौरवान्वित करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा कि शुभम की अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा ने लाखों युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि शुभम के उज्ज्वल भविष्य की नई ऊंचाइयों का आधार बने, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि इस सफलता ने बिहार के युवाओं के लिए एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी सराहा
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी शुभम कुमार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के लाल ने कमाल कर दिया है। गयाजी के रहने वाले शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर न केवल अपने परिवार और राज्य का मान बढ़ाया है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया है।
परिश्रम और संकल्प का परिणाम
संजय सरावगी ने कहा कि शुभम की यह अभूतपूर्व सफलता अथक परिश्रम, अटूट संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शुभम ने लाखों विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का विश्वास दिया है। उन्होंने शुभम के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की कामना भी की।
56 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए सफल
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश के लिए आयोजित जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया। इस वर्ष 17 मई को आयोजित परीक्षा में दोनों पेपरों में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल रहे। सफल अभ्यर्थियों में 10,107 छात्राएं भी शामिल हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


