सोशल मीडिया सिर्फ प्रमोशन का जरिया नहीं, समाज में सकारात्मकता और प्रेरणा का मंच: अभिनेत्री अदा शर्मा

अभिनेत्री अदा शर्मा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और नियमित रूप से अपने पोस्ट के जरिए प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं। खास बात यह है कि वह सोशल मीडिया को केवल अपनी फिल्मों या प्रोजेक्ट्स के प्रमोशन तक सीमित नहीं मानतीं। उनके लिए यह एक ऐसा मंच है, जिसके जरिए वह लोगों को प्रेरित कर सकती हैं, जागरूकता फैला सकती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।

सोशल मीडिया का मतलब सिर्फ फिल्मों या प्रोजेक्ट्स का प्रमोशन नहीं

एक खास बातचीत में अदा शर्मा ने सोशल मीडिया को लेकर अपने विचार साझा किए। जब उनसे पूछा गया कि आज के समय में सोशल मीडिया उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है, तो उन्होंने कहा, “मेरे लिए सोशल मीडिया का मतलब सिर्फ फिल्मों या प्रोजेक्ट्स का प्रमोशन नहीं है। यह एक ऐसी जगह है, जहां कई सकारात्मक काम किए जा सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, मैं हाथियों के कल्याण के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर्स के साथ मिलकर काम करती हूं।”

प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने की अपील

सोशल मीडिया की ताकत को समझाते हुए अदा ने एक उदाहरण साझा किया। उन्होंने कहा, “हाथी बाहर से बहुत बड़े और मजबूत दिखते हैं, लेकिन जब इंसान उन्हें कैद में रखते हैं, जैसे सर्कस में, तो उनकी हालत बेहद खराब हो जाती है। सर्कस में हाथियों की स्थिति देखकर दिल टूट जाता है। सोशल मीडिया के जरिए मैं सच्चाइयों को सामने लाने की कोशिश करती हूं।” अदा ने बताया कि इसके अलावा वह सोशल मीडिया के माध्यम से स्ट्रीट डॉग्स के एडॉप्शन को बढ़ावा देती हैं और प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने की अपील भी करती हैं। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के परिणाम काफी सकारात्मक रहे हैं।

शाकाहारी भोजन में भी होता है भरपूर प्रोटीन 

अभिनेत्री ने अपने शाकाहारी जीवनशैली को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “मैं शाकाहारी हूं और अक्सर अपने नाश्ते या खाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती हूं। सच कहूं तो इससे कई लोग प्रेरित होकर शाकाहारी बन चुके हैं। शाकाहारी भोजन में भी भरपूर प्रोटीन होता है। इससे मांसपेशियां, ताकत, स्टैमिना, सुंदरता, अच्छी त्वचा और बाल सब कुछ मिल सकता है। लोग अक्सर यह गलतफहमी पाल लेते हैं कि मजबूत बनने के लिए केवल मांसाहार जरूरी है।”

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई किसी न किसी तनाव में

इंस्टाग्राम पर अदा शर्मा के 10 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। इसे लेकर वह मानती हैं कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों से जुड़े होने के साथ एक जिम्मेदारी भी आती है। अदा ने कहा, “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई किसी न किसी तनाव से गुजर रहा है। अगर मेरी एक वीडियो या पोस्ट से किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाए या किसी का दिन थोड़ा बेहतर हो जाए, तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।” (इनपुट: आईएएनएस)