S&P Global ने मजबूत खपत और औद्योगिक गतिविधियों का हवाला देते हुए चालू वित्त वर्ष (FY27) के लिए भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान 6.6% से बढ़ाकर 7% कर दिया है। हालांकि एजेंसी ने चेतावनी दी है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में विकास की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
जून तिमाही की मजबूत ग्रोथ से अनुमान बढ़ा
S&P Global की रिपोर्ट के अनुसार जून तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि उम्मीद से बेहतर रही। इसमें मजबूत औद्योगिक गतिविधि, अच्छी खपत, वस्तुओं के जोरदार निर्यात और सरकारी निवेश में तेजी का बड़ा योगदान रहा। इसी आधार पर एजेंसी ने 31 मार्च 2027 को समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष के लिए GDP ग्रोथ अनुमान को पहले के 6.6% से बढ़ाकर 7.0% कर दिया है।
दूसरी छमाही में सुस्ती की आशंका
रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में ग्रोथ “धीमी” पड़ने की उम्मीद है। GST में बदलाव और इनकम टैक्स कटौती के फायदे धीरे-धीरे कम हो जाएंगे, जिससे मांग पर असर पड़ सकता है।
मौसम और खाद्य महंगाई पर नजर जरूरी
S&P Global ने मौसम को बड़ा जोखिम बताया है। मौजूदा मानसून सीजन में 9 सितंबर 2026 तक कुल बारिश सामान्य से 15% कम रही है। इसलिए खेती के उत्पादन और खाद्य महंगाई (फूड इन्फ्लेशन) पर नजर रखना जरूरी है। अल-नीनो के कारण खाद्य कीमतें और बढ़ सकती हैं, हालांकि तैयारी के उपायों से सप्लाई की भारी कमी रोकी जा सकेगी और मैक्रो स्तर पर असर सीमित रहेगा।
महंगाई और मौद्रिक नीति में सख्ती की संभावना
एजेंसी के अनुसार महंगाई लक्ष्य सीमा के अंदर है, लेकिन ऊर्जा और खाद्य कीमतों के दबाव से बढ़ रही है। तेल की ऊंची कीमतें महंगाई में थोड़ी बढ़ोतरी कर सकती हैं। S&P Global को उम्मीद है कि महंगाई नियंत्रित रखने और मुद्रा को सहारा देने के लिए कुछ सेंट्रल बैंक इस साल नीतिगत दरें और बढ़ाएंगे। भारत सहित ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया और ताइवान में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
एशिया-पैसिफिक की मुद्राओं पर दबाव
2026 की पहली छमाही में एशिया-पैसिफिक की कई मुद्राओं में गिरावट आई थी। तीसरी तिमाही में दबाव कुछ कम हुआ, लेकिन सितंबर के मध्य तक भारत, इंडोनेशिया, फिलीपींस और थाईलैंड की मुद्राओं में 5% से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
इस क्षेत्र के केंद्रीय बैंकों ने 2026 में नीतिगत दरें बढ़ाई हैं, फिर भी ये अमेरिकी स्तर से नीचे हैं। इससे अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ने पर पूंजी निकासी (कैपिटल आउटफ्लो) का जोखिम बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक तेल की ऊंची कीमतों से बढ़ी महंगाई और अमेरिकी ब्याज दरों से मुद्रा पर बढ़ता दबाव मुख्य जोखिम बने हुए हैं। इनके कारण ब्याज दरों में और बड़ी बढ़ोतरी भी हो सकती है। (इनपुट-एजेंसी)


