प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में सुदृढ़ डिजिटल गवर्नेंस को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया है। उनके डिजिटल भारत के संकल्प को गुजरात के ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों तक राज्यव्यापी रूप से विस्तार देने की दिशा में गुजरात सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
स्टारलिंक के साथ एलओआई, हाईस्पीड सैटेलाइट इंटरनेट पर फोकस
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सोमवार को एलन मस्क की स्पेसएक्स की सब्सिडियरी कंपनी स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपसी सहयोग के आशय पत्र (एलओआई) का विनिमय किया।
इस एलओआई के तहत राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी मिशन और रणनीतिक पहलों के माध्यम से सुदूरवर्ती, दूरदराज और कम टेलीकॉम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में हाईस्पीड सैटेलाइट आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।
पायलट प्रोजेक्ट में सीएससी, स्कूल और आपदा प्रबंधन केंद्र शामिल
एलओआई के अंतर्गत प्रस्तावित पायलट प्रोजेक्ट में कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी), ई-गवर्नेंस सुविधाएं, सरकारी विद्यालय, जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, पोर्ट्स और वन्यजीव अभयारण्यों के क्षेत्रों को कनेक्ट करने की योजना है। यह पहल नर्मदा और दाहोद जैसे आकांक्षी जिलों सहित राज्य के आदिजाति जिलों में डिजिटल इन्क्लूजन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।
सुरक्षा, स्थिरता और विश्वसनीय डिजिटल सेवाओं को मिलेगा बल
एलओआई के प्रभावी क्रियान्वयन से इन जिलों में पुलिस आउटपोस्ट्स, आपदा प्रबंधन केंद्र, वन्यजीव मॉनिटरिंग और कृषि अनुसंधान केंद्रों के लिए मजबूत कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। इससे सुरक्षा और स्थिरता बढ़ने के साथ-साथ भरोसेमंद डिजिटल सर्विस डिलीवरी को भी मजबूती मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और टेली-मेडिसीन को मिलेगी रफ्तार
इस पहल के तहत राज्य के स्कूलों में शिक्षा के लिए स्मार्ट कनेक्टिविटी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाएं तथा टेली-मेडिसीन सुविधाएं तेज और सुलभ होंगी।
इसके अलावा, विभिन्न सरकारी एजेंसियों, विभागों, विद्यालयों और डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम्स की कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए भविष्य में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संयुक्त कार्य समूह का होगा गठन
सीमलेस और ईजी कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एलओआई के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार और स्टारलिंक के प्रतिनिधियों का एक संयुक्त कार्य समूह गठित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रेरक उपस्थिति में गांधीनगर में एलओआई विनिमय समारोह आयोजित हुआ। राज्य सरकार की ओर से उद्योग आयुक्त पी. स्वरूप और स्टारलिंक की ओर से स्टारलिंक इंडिया के हेड प्रभाकर जयकुमार ने एलओआई का परस्पर आदान-प्रदान किया।
ई-गवर्नेंस को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस संयुक्त प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन भविष्य में राज्य की डिजिटल सेवाओं को अधिक व्यापक बनाने में मील का पत्थर साबित होगा और ई-गवर्नेंस की प्रगति को नई गति देगा।
एलओआई में जीआईडीसी के इंडस्ट्रियल पार्क्स, हाईवे सेफ्टी सिस्टम्स, मैरीटाइम पोर्ट कनेक्टिविटी और कोस्टल पुलिस ऑपरेशन के लिए कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के प्रावधान भी शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
एलओआई विनिमय समारोह में मुख्य सचिव एमके दास, उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव पी. भारती, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. अजय कुमार सहित राज्य सरकार और स्टारलिंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। (इनपुट: आईएएनएस)


