भारतीय शेयर बाजार में घरेलू निवेशक जमकर निवेश कर रहे हैं। इस वर्ष म्यूचुअल फंड और अन्य अप्रत्यक्ष निवेश माध्यमों के जरिए घरेलू निवेशकों ने इक्विटी बाजार में 4.5 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है। इससे स्पष्ट होता है कि घरेलू बचत धीरे-धीरे पूंजी बाजार की ओर आकर्षित हो रही है। यह जानकारी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की एक रिपोर्ट में दी गई है।
कोरोना काल के बाद देश में रिटेल निवेशकों का आधार तेजी से मजबूत हुआ
रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना काल के बाद देश में रिटेल निवेशकों का आधार तेजी से मजबूत हुआ है। व्यक्तिगत निवेशकों की संख्या 2025 तक बढ़कर 12 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि 2019 में यह संख्या लगभग तीन करोड़ थी। एनएसई की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस वृद्धि को केवल डायरेक्ट इक्विटी निवेश में बढ़ी भागीदारी का ही समर्थन नहीं मिला है, बल्कि म्यूचुअल फंड और अन्य बाजार-आधारित उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है।
मार्केट-लिंक्ड उपकरणों में घरेलू निवेश बढ़कर करीब 17 लाख करोड़ रुपए तक पंहुचा
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 के बाद भारत में मार्केट-लिंक्ड उपकरणों में घरेलू निवेश बढ़कर करीब 17 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। यह दर्शाता है कि देश में दीर्घकालिक बचत और निवेश के तौर-तरीकों में बड़ा बदलाव आया है। एक्सचेंज ने रिपोर्ट में कहा है कि निवेशकों की संख्या में वृद्धि का असर इक्विटी निवेश पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस वर्ष घरेलू निवेशकों द्वारा बाजार में करीब 4.5 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया गया है।
घरेलू निवेशकों की मजबूती का असर प्राथमिक बाजारों में भी देखने को मिला
हालांकि घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी के बावजूद, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने वर्ष के दौरान भारतीय शेयर बाजार में सीमित रुचि दिखाई। विदेशी निवेशकों ने अपना निवेश घटाना जारी रखा, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू निवेशकों की बढ़ती भागीदारी ने अस्थिर विदेशी पूंजी प्रवाह के प्रभाव को काफी हद तक कम किया है और बाजार को बाहरी झटकों से निपटने में सक्षम बनाया है। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू निवेशकों की मजबूती का असर प्राथमिक बाजारों में भी देखने को मिला है। वर्ष 2025 में कंपनियों द्वारा पूंजी जुटाने का स्तर 2024 की तुलना में अधिक रहा है।
वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता एक बड़ी चुनौती
एनएसई की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता एक बड़ी चुनौती बनी रही। भारत को अमेरिका को निर्यात पर लगाए गए शुल्क में भारी वृद्धि का सामना करना पड़ा। द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत जारी रहने के बावजूद शुल्क में अतिरिक्त 50% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन घटनाक्रमों का असर वर्ष की शुरुआती अवधि में कंपनियों की आय और पूंजी प्रवाह पर पड़ा।
बाजार की अस्थिरता ने समायोजन के अवसर प्रदान किए
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बाजार की अस्थिरता ने समायोजन के अवसर भी प्रदान किए। घरेलू निवेशकों ने कीमतों में उतार-चढ़ाव को सहन किया, सितंबर तिमाही तक कंपनियों की आय में सुधार देखने को मिला और बेहतर वित्तीय साक्षरता के चलते अधिक स्थिर और दीर्घकालिक निवेश व्यवहार सामने आया। (इनपुट: आईएएनएस)


