2047 तक तटीय और जलमार्ग माल ढुलाई की हिस्सेदारी दोगुनी कर 12% करने का लक्ष्य: सर्बानंद सोनोवाल

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश की कुल माल ढुलाई में तटीय और अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन की हिस्सेदारी 6% से बढ़ाकर 12% करना है। इसके साथ ही तटीय कार्गो प्रोत्साहन योजना और क्रूज भारत मिशन के माध्यम से समुद्री परिवहन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दोनों पहलों से 5.60 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने और 1.6 करोड़ मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है। सोनोवाल ने ओडिशा के पुरी में आयोजित मंत्रालय की कंसल्टेटिव कमेटी की बैठक में यह जानकारी दी।

पुरी में 1,500 करोड़ रुपए से बनेगा इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल

सर्बानंद सोनोवाल ने घोषणा की कि पारादीप पोर्ट अथॉरिटी और ओडिशा सरकार की साझेदारी में पुरी इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 1,500 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इससे ओडिशा में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य के समुद्री बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

समुद्री क्षेत्र में तेजी से हो रहा बदलाव

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत का समुद्री क्षेत्र बड़े बदलाव से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की 11,000 किलोमीटर से अधिक लंबी तटरेखा माल परिवहन के लिए प्राकृतिक लाभ प्रदान करती है। इसके माध्यम से लंबी दूरी तक कम लागत और अपेक्षाकृत स्वच्छ तरीके से माल पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय बंदरगाहों पर तटीय कार्गो की मात्रा पिछले 12 वर्षों में 74 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 177 मिलियन मीट्रिक टन हो गई है। यह लगभग 140% की वृद्धि दर्शाती है।

तटीय कार्गो प्रोत्साहन योजना से बढ़ेगा माल परिवहन

सोनोवाल ने कहा कि तटीय कार्गो प्रोत्साहन योजना और क्रूज भारत मिशन के माध्यम से समुद्री परिवहन को नई गति मिलेगी। इन पहलों से समुद्र के रास्ते अधिक माल ढुलाई होगी और तटीय क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में घोषित तटीय कार्गो प्रोत्साहन योजना के तहत कार्गो मालिकों, तटीय जहाज संचालकों और मल्टीमॉडल परिवहन ऑपरेटरों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसमें जहाज, रेल और सड़क जैसे परिवहन के विभिन्न माध्यमों को एकीकृत कर माल ढुलाई करने वालों को लाभ मिलेगा।

क्रूज भारत मिशन से 2029 तक 10 लाख यात्रियों का लक्ष्य

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में समुद्री क्रूज पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में देश में 4,62,661 समुद्री क्रूज यात्री दर्ज किए गए और 212 क्रूज जहाजों ने बंदरगाहों पर पहुंच बनाई। वर्ष 2013-14 की तुलना में क्रूज यात्रियों की संख्या में 5.5 गुना और जहाजों के आगमन में 2.1 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2024 में शुरू किए गए क्रूज भारत मिशन का लक्ष्य मार्च 2029 तक 10 लाख समुद्री क्रूज यात्रियों को आकर्षित करना और 4 लाख रोजगार सृजित करना है।

51 नदी क्रूज सर्किट के विकास की पहचान

सोनोवाल ने बताया कि देश के 16 राष्ट्रीय जलमार्गों पर 20 नदी क्रूज सर्किट पहले से संचालित हैं। इसके अलावा चरणबद्ध विकास के लिए 51 अन्य नदी क्रूज सर्किट की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि देश में 143 नदी क्रूज टर्मिनल और लैंडिंग पॉइंट भी चालू हैं। मंत्री ने बताया कि तटीय कार्गो प्रोत्साहन योजना और क्रूज भारत मिशन से संयुक्त रूप से 5.60 लाख से अधिक रोजगार पैदा होने और 1.6 करोड़ मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की बचत होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय जलमार्ग-5 से जुड़ेेंगे ओडिशा के औद्योगिक केंद्र

केंद्रीय मंत्री ने ओडिशा में राष्ट्रीय जलमार्ग-5 के विकास का भी उल्लेख किया। इस परियोजना पर 13,000 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसका उद्देश्य तालचेर और कलिंगनगर सहित राज्य के प्रमुख औद्योगिक एवं खनन केंद्रों को पूर्वी तट के बंदरगाहों से जोड़ना है। इससे औद्योगिक माल की ढुलाई को अधिक सुविधाजनक और किफायती बनाने में मदद मिलेगी।

सांसदों ने समुद्री बुनियादी ढांचे पर दिए सुझाव

बैठक में पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और संसद के आठ सदस्य उपस्थित रहे। मंत्रालय के सचिव ने तटीय और क्रूज नौवहन को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी प्रस्तुत की। सांसदों ने समुद्री क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की पहलों की सराहना की और देश के विभिन्न हिस्सों में समुद्री बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े सुझाव दिए।

सोनोवाल ने सांसदों के सुझावों और विचारों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप देश में प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और समृद्ध समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

23 mins ago | Ahmedabad Cricket

महिला टी20 सुपर लीग में महाराष्ट्र की कप्तानी करेंगी स्मृति मंधाना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में मौ...

2 hours ago | Hajj 2027

हज-2027 के लिए भारत का कोटा 1,75,025 तय, किरेन रिजिजू ने सऊदी अरब में समझौते पर किए हस्ताक्षर

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 6 से 9 नवंबर 2026 तक सऊदी अरब की आध...