ग्वालियर व्यापार मेले में टैक्स छूट से बढ़ेगा व्यापार, सिंधिया बोले—विकास और व्यापार पूरक

मध्य प्रदेश सरकार ने माधवराव सिंधिया व्यापार ग्वालियर मेले में बिकने वाले वाहनों पर रजिस्ट्रेशन शुल्क और रोड टैक्स में छूट देने का फैसला किया है। इस निर्णय को लेकर व्यापारिक संगठनों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया है।

व्यापारियों ने जताया केंद्रीय मंत्री का आभार

व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि व्यापार और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत व्यापारिक गतिविधियां किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का आधार होती हैं।

ऑटोमोबाइल टैक्स में 50% छूट का फैसला

गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने ग्वालियर व्यापार मेला और उज्जैन व्यापार मेला के संदर्भ में बड़ा निर्णय लेते हुए ऑटोमोबाइल पर लगने वाले मोटरयान कर में 50% की छूट देने का ऐलान किया था। इस फैसले से मेले में वाहनों की बिक्री को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

व्यापारिक संगठनों ने की मुलाकात

मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, ग्वालियर मेला व्यापारी संघ और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, ग्वालियर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष मोटरयान कर में छूट का प्रस्ताव रखने और इस संबंध में पत्र लिखने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

सिंधिया ने कहा व्यापार और उद्योग विकास की रीढ़

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं। उन्होंने राज्य सरकार के इस निर्णय को स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर व्यापार, उद्योग और रोजगार सृजन के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी।

ग्वालियर-चंबल अंचल को मिलेगी नई गति

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह निर्णय न केवल व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि इससे ग्वालियर-चंबल अंचल में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

वाहन बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद

व्यापारिक संगठनों के अनुसार, रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स में दी गई छूट से व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, ऑटोमोबाइल डीलर्स और सहायक उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यह फैसला उपभोक्ताओं के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा।

चैंबर ऑफ कॉमर्स में आने का निमंत्रण

इस अवसर पर मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चैंबर ऑफ कॉमर्स में आने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में व्यापारिक समुदाय को आगे भी इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा। (इनपुट: आईएएनएस)