05/08/26 | 12:35 pm

Print

चांदीपुरा वायरस के प्रकोप से निपटने के लिए गुजरात और राजस्थान में टीम तैनात

केंद्र सरकार ने चांदीपुरा वायरस के प्रकोप से निपटने के लिए गुजरात और राजस्थान में राष्ट्रीय संयुक्त प्रकोप प्रतिक्रिया दल यानी National joint outbreak Response Team तैनात किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, यह दल दोनों राज्यों में प्रकोप की जांच, रोग निगरानी और नियंत्रण उपायों को और मजबूत करेगा।

इस संयुक्त टीम में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम राज्य सरकारों के साथ मिलकर महामारी की जांच, रोगियों के उपचार, प्रयोगशाला समन्वय, वेक्टर निगरानी और जनस्वास्थ्य उपायों के क्रियान्वयन में सहयोग करेगी।

मंत्रालय ने बताया कि चांदीपुरा वायरस को लेकर देश के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से व्यापक जांच जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में तीव्र ज्वर और एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम के मामलों की निगरानी बढ़ाई गई है, जबकि समुदाय स्तर पर सीरो-सर्वेक्षण और वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग भी की जा रही है।

सरकार का कहना है कि यह अभियान “वन हेल्थ” दृष्टिकोण पर आधारित है, जिसमें मानव, पशु और संभावित वाहकों की एकीकृत निगरानी के जरिए चांदीपुरा वायरस के प्रकोप को समझने और प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।