मेगा डील्स के दम पर भारत का डिफेंस टेक सेक्टर नई ऊंचाई पर

भारत के डिफेंस टेक इकोसिस्टम की फंडिंग 2025 में बढ़कर 247 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। यह इस सेक्टर में अब तक की वार्षिक फंडिंग का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यह जानकारी बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।

2016 से 2025 तक फंडिंग में तेज उछाल

डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म ट्रैक्सन की रिपोर्ट के अनुसार, डिफेंस टेक सेक्टर में अब तक कुल 232 इक्विटी फंडिंग राउंड के जरिए 711 मिलियन डॉलर जुटाए जा चुके हैं। वार्षिक फंडिंग 2016 में जहां केवल 5 मिलियन डॉलर थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 247 मिलियन डॉलर के शिखर पर पहुंच गई।

मेगा राउंड से दोगुनी हुई कुल फंडिंग

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025 में फंडिंग में आई तेज बढ़त का मुख्य कारण 100 मिलियन डॉलर का एक मेगा फंडिंग राउंड रहा। हालांकि इस वर्ष फंडिंग राउंड की संख्या घटकर 30 रह गई, लेकिन बड़े निवेश सौदों के चलते कुल फंडिंग में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई।

शुरुआती चरण की कंपनियों को सबसे ज्यादा निवेश

रिपोर्ट के मुताबिक, डिफेंस टेक स्टार्टअप्स को प्रत्येक चरण में फंडिंग का बड़ा हिस्सा शुरुआती स्तर पर ही मिला। सीड-स्टेज कंपनियों ने 174 राउंड में करीब 118 मिलियन डॉलर जुटाए, जबकि अर्ली-स्टेज फर्मों ने 56 राउंड में 527 मिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल की। वहीं, लेट-स्टेज में केवल पांच राउंड के जरिए कुल 66 मिलियन डॉलर का निवेश हुआ।

गैर-लड़ाकू प्रणालियों की ओर निवेश का झुकाव

रक्षा प्रौद्योगिकी मूल्य श्रृंखला में पूंजी वितरण बुनियादी ढांचे से जुड़े क्षेत्रों की ओर मजबूत झुकाव को दर्शाता है। गैर-लड़ाकू प्रणालियों को कुल 551 मिलियन डॉलर की फंडिंग मिली। इसके अलावा लड़ाकू हथियार प्रणालियों को 106 मिलियन डॉलर, रक्षा सहायता और सक्षमीकरण प्रणालियों को 27 मिलियन डॉलर तथा प्रशिक्षण और सिमुलेशन समाधानों को भी 27 मिलियन डॉलर का निवेश प्राप्त हुआ।

फंडिंग में बेंगलुरु सबसे आगे

शहरों के लिहाज से देखें तो बेंगलुरु 61 फंडिंग राउंड में 216 मिलियन डॉलर जुटाकर सबसे आगे रहा। इसके बाद नोएडा 19 राउंड में 168 मिलियन डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि चेन्नई ने 26 राउंड में 88 मिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल कर तीसरा स्थान पाया।

एकीकृत प्रणालियों की ओर बढ़ता डिफेंस टेक इकोसिस्टम

डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के अनुसार, भारत का डिफेंस टेक इकोसिस्टम अब खंडित नवाचार से आगे बढ़कर निष्पादन-संचालित क्षमता अवसंरचना की दिशा में अग्रसर हो चुका है। भारत में डिफेंस टेक अब एकल प्लेटफार्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एआई, ऑटोनॉमी, आईएसआर, सुरक्षित संचार और मजबूत मैन्युफैक्चरिंग क्षमता से युक्त एकीकृत प्रणालियों द्वारा परिभाषित किया जा रहा है। (इनपुट: आईएएनएस)