18/12/25 | 4:05 pm

Print

योगी सरकार की पहल से अमेठी बना आधुनिक स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा का केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। अमेठी की तिलोई तहसील में स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह महाविद्यालय लगभग पूर्ण हो चुका है।

क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार 

वर्तमान में महाविद्यालय से संबद्ध 200 बेड वाले अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं, 31 जनवरी 2026 तक 300 बेड का नया अस्पताल और 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक हैंडओवर किए जाने की योजना है। इसके बाद कुल बेड की संख्या 550 हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा विस्तार मिलेगा। साथ ही नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी इसी तिथि तक पूरा होने की उम्मीद है।

क्षेत्रवासियों का लंबे समय से चला आ रहा मेडिकल कॉलेज का सपना साकार

योगी सरकार की यह पहल अमेठी सहित आसपास के जिलों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। क्षेत्रवासियों का लंबे समय से चला आ रहा मेडिकल कॉलेज का सपना अब साकार हो रहा है और वर्ष 2026 तक यह संस्थान 500 से अधिक बेड वाले आधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में पूरी तरह स्थापित हो जाएगा।

चिकित्सा महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां तेज

राज्य स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 100 सीटें स्वीकृत हैं। पैरामेडिकल क्षेत्र में 11 डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 230 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर टेक्नीशियन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर, लैब टेक्नीशियन, ऑपरेशन थियेटर टेक्नीशियन और एक्स-रे टेक्नीशियन जैसे महत्वपूर्ण कोर्स शामिल हैं।

बीएससी नर्सिंग कोर्स में 60 सीटें शुरू करने की तैयारी

आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएससी नर्सिंग कोर्स में 60 सीटें शुरू करने की तैयारी है। पोस्टग्रेजुएट स्तर पर डीएनबी पाठ्यक्रम के तहत प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, एनेस्थीसिया में डिप्लोमा तथा मेडिसिन में डिग्री कोर्स स्वीकृत किए गए हैं। कुछ अन्य कोर्सों का निरीक्षण भी पूरा हो चुका है, जिनके परिणाम का इंतजार है।

ओपीडी और इनडोर सेवाएं नियमित रूप से हो रही हैं संचालित  

महाविद्यालय से जुड़े अस्पताल में ओपीडी और इनडोर सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। मेडिसिन, सर्जरी, गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी और डर्मेटोलॉजी सहित कई विभागों में प्रतिदिन 1000 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है। आपातकालीन सेवाएं फिलहाल 10 बेड पर संचालित हैं, जिन्हें नए अस्पताल के शुरू होने पर 30 बेड तक बढ़ाया जाएगा।

अस्पताल में 7 मेजर और 5 माइनर ऑपरेशन थियेटर, 20 बेड का आईसीयू और एनआईसीयू की सुविधा

अस्पताल में 7 मेजर और 5 माइनर ऑपरेशन थियेटर, 20 बेड का आईसीयू और एनआईसीयू की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा 24×7 डायग्नोस्टिक सेवाएं जैसे सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी लैब, ब्लड स्टोरेज, फार्मेसी, इकोकार्डियोग्राफी और ईसीजी की सुविधाएं भी मरीजों को प्रदान की जा रही हैं।

योजनाओं को प्रभावी ढंग से किया जा रहा है लागू  

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप न केवल योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है और उम्मीद है कि नए वर्ष में चिकित्सकीय सुविधाओं में और वृद्धि होगी।

300 करोड़ रुपए की लागत का प्रोजेक्ट

लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का भवन अब जी प्लस सिक्स संरचना में तैयार हो चुका है और फिलहाल फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय में डायरेक्टर कक्ष, नर्सिंग भवन और हॉस्टल आदि का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिसे सिडको द्वारा कराया जा रहा है। कुल मिलाकर यह लगभग 300 करोड़ रुपए की लागत का प्रोजेक्ट है। (इनपुट-आईएएनएस)