मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार आकांक्षात्मक विकास खंडों की तस्वीर बदलने में पूरी लगन से जुटी है। विकास अब कागजों तक सीमित न रहकर गांवों की जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई पिछड़े और आकांक्षात्मक विकास खंडों में केंद्र व राज्य सरकार से प्राप्त प्रोत्साहन राशि का प्रभावी उपयोग कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, ऊर्जा, कौशल और आधारभूत सुविधाओं में ठोस बदलाव किया गया है।
पिछड़े क्षेत्र बन रहे प्रेरणादायी विकास मॉडल
इन प्रयासों का नतीजा यह है कि जो क्षेत्र कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझते थे, वे अब प्रेरणादायी विकास मॉडल के रूप में उभर रहे हैं। स्पष्ट है कि योगी सरकार ने आकांक्षात्मक ब्लॉकों को परिणाम आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है।
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार पर जोर
विकास खंडों को मिल रही प्रोत्साहन राशि से व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बरेली के मझगवां विकास खंड में दो उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की रचनात्मक क्षमता और वैज्ञानिक सोच को विकसित करने के लिए एस्ट्रोनॉमी लैब का निर्माण कराया गया है। इससे ग्रामीण बच्चों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का अवसर मिला है।
ग्रामीण इलाकों में पुस्तकालय और खेल सुविधाएं
न्याय पंचायत गैनी में छात्रों के शैक्षिक विकास के लिए पुस्तकालय का निर्माण कराया गया। वहीं मझगवां (बरेली) के ग्राम पंचायत बेहटा बुजुर्ग में शारीरिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए मिनी स्टेडियम और ओपन जिम का निर्माण किया गया है। यह पहल ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे रही है।
बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा पर विशेष फोकस
प्रोत्साहन राशि का प्रभावी उपयोग बदायूं के वजीरगंज विकास खंड में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी देखने को मिला। यहां छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसी रोड और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया, जो ‘बेटी की सुरक्षा और शिक्षा’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सरकार की सोच को दर्शाता है।
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा
इसी तरह बलिया के सोहांव विकास खंड में विकास खंड कार्यालय भवन पर 10 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है। इससे न केवल बिजली खर्च में कमी आई है, बल्कि सरकारी कार्यालयों में ग्रीन एनर्जी मॉडल को भी बढ़ावा मिला है।
स्वास्थ्य, पोषण और कौशल विकास में लक्षित निवेश
आकांक्षी ब्लॉकों में स्वास्थ्य एवं पोषण, पेयजल, मानव संसाधन विकास और कौशल उन्नयन जैसे क्षेत्रों में लक्षित निवेश किया गया है। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किशोरियों से जुड़े संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए योजनाओं को लागू किया जा रहा है, ताकि सामाजिक विकास के साथ मानव विकास सूचकांक में भी सुधार हो सके।
सुशासन और पारदर्शिता का दिख रहा असर
आकांक्षी विकास खंडों में नजर आ रहा यह परिवर्तन योगी सरकार के सुशासन, पारदर्शिता और निगरानी आधारित मॉडल का परिणाम है। यहां प्रोत्साहन राशि का उपयोग केवल निर्माण तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि स्थायी लाभ, सामुदायिक भागीदारी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है।
देश के लिए बनता दिख रहा रोल मॉडल
आज उत्तर प्रदेश के ये आकांक्षी ब्लॉक यह संदेश दे रहे हैं कि यदि सरकारी धन सही योजना, ईमानदार क्रियान्वयन और स्पष्ट विजन के साथ खर्च हो, तो वही क्षेत्र प्रेरणादायी विकास की मिसाल बन सकता है। योगी सरकार का यह मॉडल आने वाले समय में न सिर्फ प्रदेश, बल्कि देश के अन्य राज्यों के लिए भी रोल मॉडल बनता दिख रहा है। (इनपुट: आईएएनएस)


