उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन एवं 62वें भारत में विधायी निकायों के सचिवों के सम्मेलन की शुरुआत आज से विधानभवन में हो रही है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल द्वारा की जा रही है।
देशभर के पीठासीन अधिकारी और सचिव करेंगे मंथन
सम्मेलन के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से आए पीठासीन अधिकारी, सचिवगण एवं गणमान्य प्रतिनिधि विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन संचालन, सुशासन तथा समसामयिक विधायी विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।
शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना सहित देश के विभिन्न विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, सभापति, अध्यक्ष एवं सचिवगण सहभागिता कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में प्रदर्शनी और समितियों की बैठकें
आज सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन विधान भवन, लखनऊ में होगा। उद्घाटन सत्र के दौरान संवैधानिक पदों पर आसीन महानुभावों की उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन, समूह चित्रण (ग्रुप फोटो) और विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
पूर्ण सत्र में एजेंडा बिंदुओं पर गहन चर्चा
20 जनवरी को आयोजित पूर्ण सत्र में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन प्रस्तावित है।
21 जनवरी को होगा सम्मेलन का समापन
21 जनवरी को समापन सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न संवैधानिक पदाधिकारियों के प्रेरक संबोधन होंगे। सम्मेलन के दौरान विधायी परंपराओं, संसदीय नवाचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित किया जाएगा।
अयोध्या भ्रमण का भी कार्यक्रम
सम्मेलन के उपरांत 22 जनवरी 2026 को प्रतिभागियों के लिए अयोध्या धाम भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जबकि 23 जनवरी 2026 को प्रतिनिधियों का प्रस्थान होगा। यह सम्मेलन संसदीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रोजेक्शन मैपिंग से दिखी यूपी की गौरवगाथा
इससे पहले 18 जनवरी को विधान भवन के भव्य गुंबद पर उत्तर प्रदेश की गौरवगाथा को दर्शाते हुए अत्याधुनिक ‘प्रोजेक्शन मैपिंग’ तकनीक के माध्यम से ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
आधुनिक तकनीक से सजी ऐतिहासिक प्रस्तुति
इस भव्य प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना और राजनीतिक यात्रा का सजीव चित्रण किया गया। आधुनिक तकनीक और रचनात्मक प्रस्तुति के समन्वय से तैयार इस कार्यक्रम ने दर्शकों को प्रदेश की ऐतिहासिक यात्रा से जोड़ा।
देश की विधान सभाओं में पहली बार हुआ ऐसा प्रयोग
यह अभिनव प्रयोग देश की विधान सभाओं में अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत उपस्थित अधिकारियों ने सराहा। इस पहल की संकल्पना उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की है।
राष्ट्रीय मंच पर यूपी की विकास यात्रा का प्रदर्शन
इस आयोजन के माध्यम से देशभर से आए पीठासीन अधिकारियों और विधानमंडलीय अधिकारियों को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक वैभव, ऐतिहासिक धरोहर और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विधायी संस्थाओं के बीच संवाद, सहयोग और नवाचार को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। (इनपुट: आईएएनएस)


