केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रस्तुत ‘विकसित भारत: जी राम जी – विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025’ लोकसभा से पारित हो गया है। विधेयक के पारित होने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना को एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।
मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास की यात्रा को दी नई गति
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास की यात्रा में नई गति प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करने और श्रमिकों के कल्याण को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
विकास के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता
सीएम माझी ने आगे लिखा कि यह कार्यक्रम विकसित भारत की नींव को मजबूत करने के साथ-साथ समृद्ध ओडिशा और विकसित भारत के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह जन-केंद्रित निर्णय समावेशी और संतुलित विकास के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
इस बीच, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा योजना का नाम बदले जाने को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग मनरेगा योजना का नाम बदलने पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि पहले इस योजना का बजट केवल 33 हजार करोड़ रुपए था, जिसके कारण सीमित संख्या में लोगों को ही इसका लाभ मिल पाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने योजना का बजट बढ़ाया है, जिससे बड़ी संख्या में श्रमिकों को इसका लाभ मिल रहा है। हमारी सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रमिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि पहले मजदूरों को मिलने वाली राशि बीच में ही हड़प ली जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार यह सुनिश्चित करती है कि मजदूरों को उनका मेहनताना सीधे और समय पर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूरों के हितों पर किसी भी प्रकार का आघात नहीं किया जा रहा है और सरकार ने हमेशा श्रमिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
योजना का नाम ‘जी-राम-जी’ ही रहेगा
उन्होंने कहा कि योजना का नाम ‘जी-राम-जी’ ही रहेगा और इसमें किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)


