योजनाओं को समय पर पूरा करें विभाग, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न विभागों को जारी बजट के व्यय को लेकर वित्त विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्तमान वित्तीय वर्ष के दौरान विभागों के बजट प्रावधानों के सापेक्ष शासन द्वारा जारी स्वीकृतियों, विभागाध्यक्षों द्वारा आवंटन और व्यय की अद्ययावधिक प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिक बजट प्रावधान वाले प्रदेश के प्रमुख 20 विभागों का प्रस्तुतिकरण किया गया।

आवंटित बजट का समय से उपयोग सुनिश्चित करने के लिए विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए गए निर्देश 

मुख्यमंत्री ने प्रमुख 20 विभागों के प्रस्तुतिकरण की समीक्षा करते हुए सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित बजट का समय से उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजनाएं और योजनाएं तय समय पर पूरी हो सकें और प्रदेशवासियों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बजट के समयबद्ध व्यय के लिए अधिकारियों को निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी होगी।

सीएम योगी ने कहा कि जिन विभागों में बजट व्यय की प्रगति धीमी है, वे इसमें तत्काल तेजी लाएं

सीएम योगी ने कहा कि जिन विभागों में बजट व्यय की प्रगति धीमी है, वे इसमें तत्काल तेजी लाएं। बजट को समय से खर्च करने के लिए हर स्तर पर अधिकारी की स्पष्ट जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विभागीय अधिकारियों को बिना देरी निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।

सभी अधिकारी निर्णय प्रक्रिया में दिखाएं तेजी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्णय लेने में देरी के कारण बजट व्यय प्रभावित होता है, इसलिए सभी अधिकारी निर्णय प्रक्रिया में तेजी दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ विभागों में बजट व्यय की प्रगति अपेक्षा से कम है, जिसे सुधारने के लिए संबंधित विभागीय मंत्री और अधिकारी आपसी समन्वय के साथ हर माह समीक्षा बैठक करें।

वित्त विभाग को तत्काल बजट उपलब्ध कराने के निर्देश

वित्त विभाग को निर्देश देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन विभागों का आवंटित बजट किसी कारणवश अभी तक जारी नहीं हो सका है, उन्हें तत्काल बजट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से बजट प्राप्त होना है, उनके लिए संबंधित विभागों के मंत्री, अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से समन्वय करें।

पत्राचार और फोन के माध्यम से नियमित फालोअप

इसके अलावा पत्राचार और फोन के माध्यम से नियमित फालोअप किया जाए। इस संबंध में मुख्य सचिव को भी पहल करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय को निर्देश दिए कि जिन विभागों में बजट व्यय की प्रगति धीमी है, उन्हें चिन्हित कर संबंधित विभागीय मंत्रियों को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र जारी किया जाए।

आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारी अभी से शुरू करने के दिए निर्देश 

बैठक में सीएम योगी ने वित्त विभाग को आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के साथ बैठक कर बजट मांग की समीक्षा की जाए और बजट आवंटन से पहले पिछले पांच वर्षों के व्यय का आकलन किया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वित्त विभाग नई कार्ययोजना पर अभी से काम शुरू करे और केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करे, ताकि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए केंद्र से बजट समय पर प्राप्त किया जा सके। (इनपुट: आईएएनएस)