उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन हॉल और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा कहीं रुकी नहीं है और न ही थमी है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा मां गंगा की धारा की तरह निरंतर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रयागराज आज सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक गौरव और आधुनिक विकास का अद्भुत संगम बन चुका है।
कुंभ आयोजन से बदली प्रयागराज की पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले माघ मेला और कुंभ जैसे आयोजन गंदगी, भगदड़ और अव्यवस्था के प्रतीक बन गए थे, जिसके कारण लोग प्रयागराज आने से भी कतराते थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित कुंभ को यूनेस्को ने मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दी, जिससे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को वैश्विक पहचान मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 के दौरान डबल इंजन सरकार ने प्रयागराज में व्यापक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया और यदि इनका बेहतर रखरखाव किया जाए तो ये आने वाले समय में स्थायी धरोहर बनेंगी।
नगर निगम की नई पहचान और 400 करोड़ की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने नगर निगम और महापौर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विरासत को विकास से जोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की शुरुआत में महाकुंभ-2025 की तैयारियों के दौरान यह तय किया गया था कि प्रयागराज को नई पहचान दी जाएगी। आज 161 वर्ष पुरानी नगर निगम इमारत नए और भव्य स्वरूप में सामने आई है। पार्षदों के लिए आधुनिक सदन हॉल तैयार किया गया है और नगर निगम करीब 400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में जोनल पार्क और शिवालिक पार्क जैसी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।
‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल बना आकर्षण
योगी आदित्यनाथ ने शिवालिक पार्क को ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की सफल मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 400 टन वेस्ट मटेरियल से द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास प्रयागराज को नई पहचान देने का काम कर रहे हैं।
अक्षय वट और भारद्वाज आश्रम का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अक्षय वट के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नहीं थे, लेकिन वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। अब श्रद्धालु वहां दर्शन कर सकते हैं और सरस्वती कूप का जल भी ग्रहण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि भारद्वाज का आश्रम लंबे समय तक अतिक्रमण का शिकार रहा, लेकिन अब उसे मुक्त कराकर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। योगी आदित्यनाथ ने महर्षि भारद्वाज को दुनिया का पहला कुलपति बताते हुए कहा कि प्रयागराज अपनी सांस्कृतिक गरिमा को पुनः प्राप्त कर रहा है।
प्रयागराज अब माफिया और गुंडागर्दी से मुक्त
सीएम योगी ने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रयागराज में भय, आतंक, अराजकता, माफियागिरी और गुंडागर्दी का माहौल था। सार्वजनिक भूमि पर कब्जे होते थे और विकास पूरी तरह ठप था, लेकिन आज प्रयागराज माफिया और गुंडागर्दी से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक किसी भी समय निडर होकर निकल सकते हैं। यदि कोई बेटियों से छेड़छाड़ या अपराध करने का दुस्साहस करेगा तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
जनता के सहयोग से सफल हुआ महाकुंभ
योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराजवासियों का आभार जताते हुए कहा कि महाकुंभ के 45 दिनों तक यातायात और आवागमन में भारी असुविधा के बावजूद लोगों ने सहयोग किया और किसी प्रकार का विरोध नहीं जताया। उन्होंने कहा कि पूरा शहर ऐसा लग रहा था, मानो अपने घर का आयोजन मना रहा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता जनता के सहयोग से ही संभव होती है।
गंगा एक्सप्रेसवे और बड़े प्रोजेक्ट्स का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के समर्थन के कारण सरकार रोजगार, किसान कल्याण, गरीब कल्याण और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतार पा रही है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए अब प्रयागराज से दिल्ली मात्र सात घंटे में पहुंचा जा सकता है। विश्वस्तरीय तकनीक से बने इस एक्सप्रेसवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर भी वाहन स्थिर जैसा महसूस होता है। उन्होंने बताया कि गंगा नदी पर लगभग 1000 करोड़ रुपए की लागत से फोर-लेन पुल का निर्माण कराया जा रहा है और फाफामऊ पुल का कार्य भी जल्द पूरा होगा।
विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में अभी कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर कार्य होना बाकी है और सरकार उन्हें भी आगे बढ़ाएगी। उन्होंने भगवान प्रयागराज, अक्षय वट, मां गंगा और भगवान वेणी माधव का स्मरण करते हुए कहा कि प्रयागराज की विकास यात्रा बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। इस अवसर पर उन्होंने प्रयागराज नगर निगम के तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया, 400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का उद्घाटन भी किया।
सफाईकर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाईकर्मियों को किट वितरित कर सम्मानित किया। इनमें सफाई नायक लता कुमारी, सफाई मित्र पूनम, फूला देवी, मीना देवी और संजय कुमार शामिल रहे। किट में कैप, ग्लव्स, बूट, मास्क और कोट दिए गए। (इनपुट: आईएएनएस)


