Print

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हर हाल में करना होगा हासिल: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने युवाओं से महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने, बदलाव अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में ‘यंग लीडर्स डिस्कोर्स फोरम’ को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि आज के युवा 2047 तक भारत की विकास यात्रा के निर्माता होंगे। उस समय वे देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर अपने जीवन के 40वें दशक में होंगे।

उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए सोच में परिवर्तन और निरंतर खुद को बेहतर बनाना जरूरी है। संस्थानों की मजबूती के लिए अनुशासन और परंपराओं का सम्मान भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और डिजिटल सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज के युवाओं के पास पहले से अधिक अवसर हैं। देश में 1.1 अरब इंटरनेट उपयोगकर्ता हैं।

भारत के निर्यात प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि पिछले साल देश का निर्यात रिकॉर्ड 863 अरब डॉलर रहा। चालू वर्ष के लिए एक लाख करोड़ डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा गया है। अप्रैल से सितंबर के दौरान निर्यात में 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 480 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि भारत कभी ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश में 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

गोयल ने भारत की प्रगति का श्रेय युवा आबादी, प्रतिभाशाली कार्यबल, लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्णायक नेतृत्व और 140 करोड़ लोगों की मांग को दिया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने दूसरे देशों को टीके उपलब्ध कराए और देश में मुफ्त टीकाकरण भी सुनिश्चित किया। इससे दुनिया में भारत के प्रति भरोसा बढ़ा है।

-(इनपुटः आईएएनएस)