मकर संक्रांति पर गंगा स्नान का महापर्व, वाराणसी में दिखा भक्ति का रंग

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर वाराणसी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही भक्त आस्था और श्रद्धा के साथ गंगा में पवित्र स्नान करते नजर आए। काशी के प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे और हर-हर गंगे के जयघोष के साथ धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

सुबह से घाटों पर दिखा धार्मिक उल्लास

टूरिस्ट गाइड विवेकानंद पांडे ने बताया कि मकर संक्रांति की शुरुआत रात 9:35 बजे से हो गई थी, जिसके चलते सुबह से ही दूर-दराज से श्रद्धालु काशी के पवित्र घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है, इसलिए श्रद्धालु स्नान के साथ-साथ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं।

दान-पुण्य और खिचड़ी का विशेष महत्व

उन्होंने ने बताया कि इस दिन खिचड़ी, मिष्ठान और तिल से जुड़ी वस्तुओं के दान का विशेष महत्व है। बड़ी संख्या में लोग दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन कर रहे हैं।

अयोध्या में सरयू घाट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़

मकर संक्रांति के मौके पर अयोध्या के सरयू घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अयोध्या पहुंचे श्रद्धालु अशोक कुमार पाल ने बताया कि वह राम जन्मभूमि और कौशल्या माता के दर्शन के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर तिल से बनी मिठाइयों का दान सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सुबह 3:30 बजे मोटरसाइकिल से यात्रा शुरू की, स्नान और दान के बाद अब वापस लौट रहे हैं।

गाजीपुर में भी गंगा स्नान को लेकर उत्साह

गाजीपुर में गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगाते नजर आए। श्रद्धालु संध्या वर्मा ने बताया कि 14 जनवरी को गंगा स्नान होना था, लेकिन एकादशी के कारण यह पर्व 15 जनवरी को मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे सनातन काल से श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता रहा है।

हर उम्र के लोग पहुंचे घाटों पर

एक अन्य श्रद्धालु संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोग गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

गंगा स्नान का विशेष आध्यात्मिक महत्व

पुजारी कन्हैया पांडे ने बताया कि मकर संक्रांति पर गंगा नदी में स्नान का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि सूर्य की प्रकाश किरणों में गंगा स्नान करने से व्यक्ति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस दिन लोग संगम, काशी और गंगा के अन्य घाटों पर स्नान, दान और पूजा कर पर्व को उल्लास के साथ मनाते हैं। (इनपुट: आईएएनएस)