स्वास्थ्य मंत्रालय ने आयात केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाने का रखा प्रस्ताव

केंद्र सरकार ने दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और कॉस्मेटिक उत्पादों के आयात के लिए अधिकृत प्रवेश केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत सरकार ने ड्रग्स रूल्स, 1945 में संशोधन का प्रस्ताव दिया है। इसका उद्देश्य आयात से जुड़ी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को बेहतर बनाना और स्वास्थ्य उत्पादों की आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करना है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, नियम 43ए में प्रस्तावित संशोधन के तहत कई अंतर्देशीय कंटेनर डिपो (आईसीडी), एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) और एक नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आयात के लिए अधिकृत केंद्रों की सूची में शामिल करने की सिफारिश की गई है।

नियम 43ए फिलहाल उन बंदरगाहों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सड़क सीमा चौकियों और अन्य निर्धारित स्थानों को नियंत्रित करता है, जिनके माध्यम से दवाओं और उनसे संबंधित उत्पादों का भारत में आयात किया जा सकता है।

मंत्रालय के प्रस्ताव के अनुसार, हरियाणा में आईसीडी सोनीपत, पियाला और हर्सारू; उत्तर प्रदेश में आईसीडी दादरी; गुजरात में आईसीडी गांधीधाम/मुंद्रा; तेलंगाना के हैदराबाद में आईसीडी सनथ नगर और थिम्मापुर; कर्नाटक के बेंगलुरु में आईसीडी व्हाइटफील्ड और एसईजेड बोम्मासंद्रा को इस सूची में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, हवाई मार्ग से दवाओं के आयात के लिए उत्तर प्रदेश के नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी अधिकृत केंद्र बनाने का प्रस्ताव है।

मंत्रालय ने बताया कि ये केंद्र पहले से अधिसूचित हवाई अड्डों और मध्य प्रदेश के धन्नड़ तथा तिही जैसे अंतर्देशीय कंटेनर डिपो सहित मौजूदा आयात नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे।

इस विस्तार से आयातकों को अपनी खेप का प्रसंस्करण विनिर्माण इकाइयों, भंडारण केंद्रों और वितरण केंद्रों के नजदीक करने की सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन लागत घटने, माल की आवाजाही में लगने वाला समय कम होने और देशभर में आयातित दवाओं, चिकित्सा उपकरणों तथा कॉस्मेटिक उत्पादों के वितरण में सुधार होने की उम्मीद है।

सरकार के अनुसार, इस कदम से आंतरिक परिवहन की दूरी कम होगी, लॉजिस्टिक्स लागत को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जा सकेगा और आयातित खेप की आवाजाही में होने वाली देरी घटेगी।

मंत्रालय ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र के आयात से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, कारोबार को सुगम बनाना और देश के विभिन्न हिस्सों में जरूरी स्वास्थ्य उत्पादों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद करना है।

-(इनपुटः आईएएनएस)