12/02/26 | 11:55 am | America | अमेरिका

Print

‘मोदी आर्काइव’ ने साझा किया पीएम मोदी का 2006 का प्रेरक वीडियो, युवाओं को दी हार न मानने की सीख

अमेरिका के सोलहवें राष्ट्रपति और ‘द ग्रेट लिबरेटर’ नाम से प्रख्यात अब्राहम लिंकन की जयंती आज गुरुवार को है। लिंकन केवल अमेरिका के ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लोकतंत्र, समानता और मानवाधिकारों के प्रतीक माने जाते हैं। साधारण परिवार में जन्म लेने वाले लिंकन ने अपने संघर्ष, ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के बल पर इतिहास में अमिट स्थान बनाया।

मोदी आर्काइव ने पीएम मोदी का पुराना वीडियो जारी किया

द ग्रेट लिबरेटर’ नाम से प्रख्यात अब्राहम लिंकन की जयंती के अवसर पर ‘मोदी आर्काइव’ नामक अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो जारी किया। यह वीडियो वर्ष 2006 का है। यह वीडियो उस समय का है, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उन्होंने निरमा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित किया था। यह भाषण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत माना जा रहा है।

अब्राहम लिंकन के जीवन संघर्ष का उल्लेख

‘मोदी आर्काइव’ के अनुसार, उन्होंने एक शानदार भाषण दिया था, जिसमें अब्राहम लिंकन के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए युवाओं को धैर्य, साहस और निरंतर प्रयास का संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि जिन्होंने अब्राहम लिंकन के जीवन को पढ़ा है, वे जानते हैं कि उनके सार्वजनिक जीवन के शुरुआती लगभग तीस वर्ष निराशा और असफलताओं से भरे रहे।

सफलता केवल एक पद प्राप्त करने की कहानी नहीं

उन्होंने कहा, “अब्राहम लिंकन कई चुनाव हारे, यहां तक कि अपने गांव की पंचायत का चुनाव भी नहीं जीत सके। व्यापार में भी उन्हें असफलता मिली और कई बार कर्ज का सामना करना पड़ा। जीवन के हर क्षेत्र में विफलताओं के बावजूद अब्राहम लिंकन ने हार नहीं मानी। वे निरंतर प्रयास करते रहे, संघर्ष करते रहे और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते रहे। अंततः एक समय ऐसा आया जब उन्हें पहली बार बड़ी सफलता मिली और वे अमेरिका के राष्ट्रपति बने। यह सफलता केवल एक पद प्राप्त करने की कहानी नहीं थी, बल्कि धैर्य, समर्पण और अडिग संकल्प की जीत थी।”

निराशा और हताशा जीवन का अंत नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में युवाओं से आह्वान किया था कि यदि कोई व्यक्ति तीन दशकों तक लगातार असफलताओं का सामना करने के बावजूद अपने जीवन को बदल सकता है, तो हम भी उससे प्रेरणा ले सकते हैं। उन्होंने कहा था कि निराशा और हताशा जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होती है।

यह वीडियो आज के युवाओं को संदेश देता है

‘मोदी आर्काइव’ की ओर से साझा किया गया यह वीडियो आज के युवाओं को यह संदेश देता है कि असफलताएं सफलता की सीढ़ी होती हैं। अब्राहम लिंकन का जीवन और पीएम मोदी का यह प्रेरक संदेश बताता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है।
(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

6 hours ago | BRICS

भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग को नई गति, मेड-इन-इंडिया सामग्री की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग ने सोमवार को नई दिल्ली में भार...

14/09/26 | 11:01 pm | Annapurna Devi

महिला आर्थिक समूहों से डिजिटल सुरक्षा तक, भारत-नाइजीरिया के बीच सहयोग पर बनी सहमति

महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नई दिल्ली में नाइजीरिया गणराज्य की महिला विषयों ...

14/09/26 | 8:57 pm | economic cooperation

भारत-मर्कोसुर व्यापार समझौते के विस्तार पर वार्ता शुरू, आर्थिक संबंध होंगे मजबूत

भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन ने मर्क...