मणिपुर में नई सरकार के गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुन लिया है। इसके साथ ही उनके मणिपुर के नए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य में 12 फरवरी को राष्ट्रपति शासन समाप्त हो रहा है, उससे पहले भाजपा ने नेतृत्व चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
विधायक दल की बैठक में हुआ नेता का चयन
भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से युमनाम खेमचंद सिंह को नेता चुना गया। केंद्रीय पर्यवेक्षक और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर मणिपुर भाजपा अध्यक्ष और नॉर्थ ईस्ट के प्रभारी संबित पात्रा भी मौजूद रहे।
नई सरकार गठन की कवायद हुई तेज
मणिपुर में नई सरकार के गठन के लिए भाजपा के विधायक सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद नेतृत्व चयन को लेकर बैठकों का दौर चला और अंततः युमनाम खेमचंद सिंह के नाम पर सहमति बनी।
राष्ट्रपति शासन की पृष्ठभूमि
मणिपुर में पिछले साल 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है। यह स्थिति तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद लंबे समय से जारी जातीय हिंसा के बीच उत्पन्न हुई थी। बीरेन सिंह के इस्तीफे के चार दिन बाद केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।
विधानसभा के फिर से सक्रिय होने और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ
60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा, जिसका कार्यकाल वर्ष 2027 तक है, को राष्ट्रपति शासन के दौरान निलंबित रखा गया था। अब राष्ट्रपति शासन समाप्त होने के साथ ही विधानसभा के फिर से सक्रिय होने और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
केंद्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका
भाजपा संसदीय बोर्ड ने मणिपुर में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। उनकी देखरेख में विधायक दल की बैठक हुई और नेतृत्व का चयन किया गया।
पहले भी हो चुकी हैं अहम बैठकें
इससे पहले, पिछले वर्ष 14 दिसंबर को मणिपुर भाजपा विधायक दल ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बैठक की थी। उस बैठक में राज्य में शांति प्रक्रिया और हिंसा से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा की गई थी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यव्रता सिंह सहित 34 से अधिक भाजपा विधायक, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, संबित पात्रा और मणिपुर भाजपा अध्यक्ष शारदा देवी भी उपस्थित थीं। (इनपुट: आईएएनएस)


