क्रिसमस की छुट्टी से पहले बुधवार को शेयर बाजार में सुस्ती देखने को मिली। निवेशकों की सतर्कता और चुनिंदा सेक्टरों में बिकवाली के दबाव के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स 116.14 अंकों की गिरावट के साथ 85,408.70 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 35.05 अंक फिसलकर 26,142.10 के स्तर पर आ गया। तेल एवं गैस, फार्मा और आईटी शेयरों में बिकवाली का असर बाजार पर साफ नजर आया।
विशेषज्ञों के मुताबिक निफ्टी 26,100 से 26,130 के सपोर्ट जोन के करीब आ गया है, जहां कुछ खरीदारी जरूर देखने को मिली, लेकिन इसमें मजबूत रिकवरी के संकेत नहीं दिखे। उनका कहना है कि जब तक निफ्टी 26,200 के स्तर को मजबूती से पार नहीं करता, तब तक बाजार का रुख सतर्क बना रह सकता है और इसमें आगे भी गिरावट की आशंका बनी रहेगी।
बीएसई पर ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति सुजुकी के शेयरों में तेजी देखने को मिली, जबकि टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल कारोबार, सन फार्मा और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट से बाजार पर दबाव बना रहा।
एनएसई पर ट्रेंट, श्रीराम फाइनेंस और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों में बढ़त रही, जबकि इंडिगो और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.28 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.60 प्रतिशत टूट गया। सेक्टरों की बात करें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस सबसे ज्यादा कमजोर रहा। इसके अलावा मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं मीडिया, रियल्टी और कुछ मेटल शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली।
विश्लेषकों का कहना है कि छुट्टी के चलते बाजार में गतिविधियां सीमित रहीं और स्टॉक-विशेष में उतार-चढ़ाव के आधार पर कारोबार होता रहा। आगे भी बाजार में सुस्ती बने रहने की संभावना है, हालांकि निवेशक ट्रेड से जुड़े वैश्विक संकेतों पर नजर बनाए रखेंगे।
-(इनपुटःएजेंसी)


