केंद्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूत करता है: सीएम पुष्कर सिंह धामी

केंद्रीय बजट को लेकर उत्तराखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित किया। उन्होंने 2026-27 के केंद्रीय बजट को ‘विकसित भारत’ की दिशा में देश को आगे बढ़ाने वाला बजट बताया।

विकसित भारत के संकल्प को मजबूती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट पेश किया है, इसके लिए वह उन्हें बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। वर्ष 2026-27 का यह बजट भारत की आत्मा, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। यह देश के सभी नागरिकों की आकांक्षाओं को समाहित करता है।

हर वर्ग के उत्थान पर केंद्रित बजट

सीएम धामी ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने और विकसित भारत बनाने का आधार है। इसका उद्देश्य भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, आने वाले समय में देश को तीन प्रमुख आर्थिक महाशक्तियों में शामिल करना और सभी वर्गों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और चुनौतियों को ध्यान में रखकर इस बजट को तैयार किया गया है।

ग्लोबल वार्मिंग और ग्रामीण विकास पर फोकस

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्या को लेकर भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। कृषि, ग्रामीण विकास और कौशल निर्माण पर खास ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए यह बजट लोकल से ग्लोबल की दिशा तय करता है।

तीन मजबूत स्तंभों पर भविष्य का भारत

सीएम धामी ने कहा कि यह बजट भारत के भविष्य को तीन मजबूत स्तंभों पर स्थापित करता है। पहला, भारत आर्थिक रूप से सशक्त बने; दूसरा, सामाजिक संतुलन कायम रहे; और तीसरा, ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों पर प्रभावी फोकस किया जाए। उन्होंने इसे सभी नागरिकों के उत्थान और आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला बजट बताया।

उत्तराखंड को 24 हजार करोड़ रुपए मिलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बजट में उत्तराखंड को 24 हजार करोड़ रुपए की राशि मिलेगी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1,800 करोड़ रुपए अधिक है। उन्होंने कहा कि यह अतिरिक्त धनराशि राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और रोजगार सृजन को नई गति देगी।

युवा और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा

सीएम धामी ने कहा कि बजट में युवाओं और महिलाओं के लिए ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिनसे वे जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बन सकें। उन्होंने इसे जनकल्याण को व्यापक लाभ पहुंचाने वाला बजट करार दिया। (इनपुट: आईएएनएस)