उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य की राजनीति और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने मनरेगा के स्थान पर लाई जा रही ‘वीबी-जी-राम-जी’ योजना को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट की।
विकसित भारत का लक्ष्य विकसित गांवों के जरिए ही हासिल किया जा सकता है
मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “इस नए कानून का उद्देश्य केवल मनरेगा का नाम बदलना नहीं है, बल्कि ग्रामीण रोजगार नीति की समग्र पुनर्रचना करना है। इसका मुख्य लक्ष्य ग्रामीण इकाइयों को सशक्त बनाना और ग्राम-केंद्रित विकास मॉडल को स्थापित करना है। विकसित भारत का लक्ष्य विकसित गांवों के जरिए ही हासिल किया जा सकता है, इसके लिए भारत सरकार ने ठोस कानूनी व्यवस्था की है।”
ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का कानूनी रोजगार अधिकार
उन्होंने कहा कि यह एक विकास आधारित योजना है, जिसके तहत ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का कानूनी रोजगार अधिकार मिलेगा। यदि 15 दिनों के भीतर काम उपलब्ध नहीं कराया गया तो बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। इसके अलावा, मजदूरी भुगतान में देरी होने पर भरपाई का प्रावधान होगा और साप्ताहिक वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। देरी की स्थिति में मुआवजा भी दिया जाएगा। योजना के तहत ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार दिए गए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड बेहद संवेदनशील और हृदय विदारक
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने इसे बेहद संवेदनशील और हृदय विदारक घटना बताया। हाल ही में वायरल हुए ऑडियो को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कई नाम सामने आए हैं। इसकी जांच के लिए नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। पुलिस ने ऑडियो में शामिल बताए जा रहे लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया है।
सत्य सामने आने पर हर स्तर पर जांच कराई जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
उन्होंने कहा कि सत्य सामने आने पर हर स्तर पर जांच कराई जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल एक ऑडियो के आधार पर भ्रम फैलाया जा रहा है, लेकिन सरकार पूरी ईमानदारी से काम कर रही है और सबूत मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बीआईएस देश में गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता हितों की रक्षा का एक मजबूत स्तंभ
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के 79वें स्थापना दिवस पर मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीआईएस देश में गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता हितों की रक्षा का एक मजबूत स्तंभ है। उत्तराखंड में भी मानक निर्धारण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
खाद्य पदार्थों, दवाओं, निर्माण सामग्री और उपभोक्ता उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन निगरानी
मुख्यमंत्री ने बताया कि खाद्य पदार्थों, दवाओं, निर्माण सामग्री और उपभोक्ता उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन निगरानी, आधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थापना, उद्योगों को प्रोत्साहन और जन-जागरूकता अभियानों पर जोर दिया जा रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि हर नागरिक को सुरक्षित, मानकयुक्त और विश्वसनीय उत्पाद उपलब्ध कराए जाएं। (इनपुट: आईएएनएस)


