योगी सरकार का 1000 करोड़ रुपए का स्टार्टअप विजन, युवाओं को मिल रहा सहारा

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी दिशा में राज्य सरकार द्वारा 1000 करोड़ रुपए का यूपी स्टार्टअप फंड गठित किया गया है, जिसका उद्देश्य नए और नवाचारी विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है।

शुरुआती और विस्तार चरण में स्टार्टअप्स को मदद

इस फंड के माध्यम से स्टार्टअप्स को शुरुआती चरण से लेकर विस्तार के चरण तक वित्तीय सहारा मिल रहा है। अब तक यूपी स्टार्टअप फंड से 325 करोड़ रुपए की राशि स्टार्टअप्स को सीधे सहायता के रूप में स्वीकृत की जा चुकी है, जिससे प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिली है।

19 हजार से अधिक स्टार्टअप को डीपीआईटी मान्यता

प्रदेश में वर्तमान में 19 हजार से अधिक स्टार्टअप्स को केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (डीपीआईटी) से मान्यता प्राप्त है। इनमें 9600 से अधिक महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप शामिल हैं, जो यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं भी आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

‘स्टार्ट इन यूपी’ योजना से युवाओं को मजबूत आधार

राज्य सरकार की “स्टार्ट इन यूपी” योजना प्रदेश के युवाओं और नए उद्यमियों के लिए एक मजबूत आधार बनकर उभरी है। इस योजना के तहत अब तक 3000 से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता दी जा चुकी है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। इनमें 900 से अधिक स्टार्टअप्स महिलाओं द्वारा संचालित हैं।

इनक्यूबेशन सहायता से कम हो रहा असफलता का जोखिम

अब तक 2100 से अधिक स्टार्टअप्स को इनक्यूबेशन सहायता दी गई है, जिसके तहत उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन, मेंटरशिप और बिजनेस सपोर्ट उपलब्ध कराया गया है। इनक्यूबेशन के माध्यम से स्टार्टअप्स को सही दिशा में आगे बढ़ने और असफलता के जोखिम को कम करने में मदद मिल रही है।

सीड कैपिटल और मार्केटिंग सहायता से बाजार तक पहुंच

नए स्टार्टअप्स के लिए पूंजी और बाजार तक पहुंच सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए योगी सरकार द्वारा सीड कैपिटल और मार्केटिंग सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत अब तक 376 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं और 26.43 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है, जिससे स्टार्टअप्स अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर सकें।

प्रोटोटाइप विकास को भी मिल रहा प्रोत्साहन

किसी भी नए विचार को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रोटोटाइप विकास एक अहम चरण होता है। इसके लिए अब तक 74 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं और 3.55 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की जा चुकी है।

76 इनक्यूबेटर स्टार्टअप्स को दे रहे तकनीकी सहयोग

प्रदेश में 76 मान्यता प्राप्त इनक्यूबेटर्स सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जो स्टार्टअप्स को तकनीकी, प्रबंधन और रणनीतिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इन इनक्यूबेटर्स को अब तक 14.80 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है, जिससे स्टार्टअप्स के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।

भरण-पोषण भत्ता और इंसेंटिव से राहत

स्टार्टअप के शुरुआती दौर में आर्थिक चुनौतियों को कम करने के लिए योगी सरकार ने भरण-पोषण भत्ता और इंसेंटिव योजनाएं लागू की हैं। इसके तहत अब तक 115 भरण-पोषण भत्ता आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, जिनके लिए 2.46 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इनमें से 97 लाख रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है। इसके अलावा 566 इंसेंटिव आवेदन स्वीकृत हुए हैं, जिनके तहत 32 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से नवाचार को बढ़ावा

प्रदेश में तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को गति देने के लिए 7 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को मंजूरी दी गई है। इन केंद्रों के लिए अब तक 27.18 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है।

48 स्टार्टअप्स को मिली सीधी फंडिंग

यूपी स्टार्टअप फंड के माध्यम से अब तक 48 यूपी आधारित स्टार्टअप्स को सीधे फंडिंग दी जा चुकी है। इससे न केवल नए व्यवसाय स्थापित हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)