योगी–मोदी की जोड़ी से बदली अयोध्या की तस्वीर, 500 साल का सपना हुआ साकार: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कयामत के दिन तक बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार जो कहती है, वही करती है और जितना करती है, उतना ही कहती है।

राम मंदिर निर्माण का वादा हुआ पूरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि रामलला हम आएंगे और मंदिर वहीं बनाएंगे। आज राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसलिए यह साफ है कि कयामत के दिन तक भी बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं, वे ऐसे ही सड़ गल जाएंगे, क्योंकि वह दिन कभी आने वाला नहीं है।

500 साल बाद आया अयोध्या का गौरवशाली क्षण

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद यह गौरवशाली क्षण देश के सामने आया है। इन वर्षों में अनेक राजा-महाराजा आए, कई सरकारें बनीं और 1947 में देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि 1952 में पहले चुनाव के बाद सरकार बनी और इसके बाद लगातार चुनाव होते रहे, लेकिन अयोध्या में भगवान राम का उनकी जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का संकल्प किसी ने पूरा नहीं किया।

राम सबके हैं, लेकिन संकल्प मोदी सरकार ने पूरा किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुछ लोग कहते हैं कि राम उनके भी हैं, और हम भी कहते हैं कि राम तो सबके ही हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस संकल्प को जमीन पर उतारने का कार्य हुआ। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या पहुंचकर सनातन के प्रतीक श्रीराम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, जो हमेशा भारत के गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा।

भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक

सीएम योगी ने कहा कि भारत और सनातन अलग-अलग नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर में सनातन पर हमले हो रहे हैं, इसलिए देशवासियों को सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है।

साजिशों से सतर्क रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को भारत का आगे बढ़ना अच्छा नहीं लग रहा है और वे साजिशें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग साजिश का शिकार हो रहे हैं, तो कुछ लोग साजिश के लिए बिककर काम कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि इन तीनों तरह की दुष्प्रवृत्तियों से सतर्क रहना होगा, ताकि देश की एकता और सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके। (इनपुट: आईएएनएस)