विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को कहा कि यह दौर दुनिया के लिए उथल-पुथल भरा होगा, जिसमें टकराव और टैरिफ में उतार-चढ़ाव इसे अस्थिर बना देंगे, वहीं इन ‘मुश्किल हालात’ से पैदा होने वाली चुनौतियों का सामना करना ही अभी सबसे जरूरी काम है। विदेश मंत्री जयशंकर ने यहां पांचवें कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में एक संवाद सत्र में कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि हम इन चुनौतियों का सामना कर लेंगे।’’
इस खास कार्यक्रम की थीम थी ‘बदलाव के दौर में लचीलापन’। तीन दिन तक चले इस कॉन्क्लेव के समापन सत्र में जयशंकर ने सिंगापुर के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज योंग बून येओ के साथ मंच साझा किया।
विदेश मंत्री से पूछा गया कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच वे आने वाली चुनौतियों को कैसे देखते हैं। विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि यह उथल-पुथल का दौर होगा, जैसा कि आपने कहा। और यह अनिश्चितताओं के साथ उतार-चढ़ाव वाला होगा। हम दो बड़े टकराव देख रहे हैं; हम अन्य तनाव भी देख रहे हैं। जैसा कि मैंने कहा, गैर-बाजार कारकों का दबाव है; टैरिफ में उतार-चढ़ाव है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तो, इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए… हां, ये मुश्किल हालात हैं।’’ हालांकि, मंत्री ने कहा कि भारत का रिकॉर्ड दिखाता है कि ‘‘हम चुनौतियों का सामना करने में सक्षम रहे हैं, चाहे वह कोविड हो या आज दोहरे टकराव की चुनौती।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऊर्जा, भोजन, उर्वरक की चुनौतियां… हमें अपनी सोच, योजना और प्रतिक्रिया में इन्हें शामिल करना होगा – एक तरह से यही हमारे सामने जरूरी काम है। और मुझे पूरा भरोसा है कि हम चुनौती का सामना करेंगे।’’
विदेश मंत्री जयशंकर ने ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को बुलंद करने के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘ग्लोबल साउथ उम्मीद करता है कि भारत विश्व मंच पर उनकी बात रखेगा।’’ मंत्री के अनुसार, नई दिल्ली का मानना है कि रूस-यूक्रेन टकराव को सुलझाने का रास्ता बातचीत और कूटनीति ही है। संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय संस्थाओं में जरूरी सुधारों पर जयशंकर ने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र गतिरोध में फंसा हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि कुछ देश इसके सुधारों को अवरुद्ध कर रहे हैं।
(भाषा)


