मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से महाराष्ट्र को व्यापक आर्थिक लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता राज्य के निर्यात, निवेश और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।
प्रमुख सेक्टरों में तेज ग्रोथ की उम्मीद
सीएम फडणवीस ने कहा कि टेक्सटाइल और परिधान, इंजीनियरिंग गुड्स, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स, बेस मेटल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्न और आभूषण जैसे प्रमुख सेक्टरों में तेज ग्रोथ, बेहतर प्रतिस्पर्धा और वैश्विक बाजारों तक अधिक पहुंच की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते से किसानों और कृषि क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी के नेतृत्व में रणनीतिक सफलता
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के वैश्विक व्यापार जुड़ाव की एक बड़ी रणनीतिक सफलता है। उन्होंने इसे ‘सभी व्यापार समझौतों की जननी’ बताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक करार से भारत 27 यूरोपीय देशों से जुड़ गया है, जिनकी वैश्विक जीडीपी में लगभग 25% हिस्सेदारी है।
भारतीय निर्यात को मिलेगा अभूतपूर्व मार्केट एक्सेस
सीएम फडणवीस ने कहा कि इस एफटीए के तहत 99% से अधिक भारतीय उत्पादों को यूरोपीय संघ में तरजीही एंट्री मिलेगी। इससे 6.41 लाख करोड़ रुपए के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है, खासकर टेक्सटाइल, चमड़ा, समुद्री उत्पाद और रत्न व आभूषण जैसे श्रम-प्रधान सेक्टरों में।
कृषि, प्रोसेस्ड फूड और प्रोफेशनल्स को भी फायदा
उन्होंने कहा कि भारत-ईयू एफटीए से कृषि और प्रोसेस्ड फूड एक्सपोर्ट के लिए अनुकूल बाजार खुलेगा, जिससे किसानों और कृषि वैल्यू-चेन को सीधा लाभ होगा। इसके साथ ही, भविष्य के लिए तैयार मोबिलिटी फ्रेमवर्क कुशल और अर्ध-कुशल भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए वैश्विक अवसरों का विस्तार करेगा और भारत की वैश्विक स्थिति को मजबूत करेगा।
महाराष्ट्र को निर्यात-उन्मुख विकास का केंद्र बनाने की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एफटीए गहरे अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग और व्यापार-आधारित विकास की दिशा में निर्णायक कदम है। इससे भारत की वैश्विक आर्थिक पहचान मजबूत होगी और महाराष्ट्र निर्यात-उन्मुख विकास के प्रमुख चालक के रूप में उभरेगा।
डब्ल्यूईएफ के बाद निवेश प्रस्तावों को मिली और मजबूती
भारत-ईयू एफटीए ऐसे समय में हुआ है, जब महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) शिखर सम्मेलन के दौरान 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा, 7 से 10 लाख करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश को लेकर भी शुरुआती बातचीत चल रही है, जिन पर अगले एक-दो महीने में एमओयू होने की संभावना है।
83% निवेश प्रत्यक्ष विदेशी निवेश
सीएम फडणवीस ने बताया कि प्रस्तावित निवेश उद्योग, सेवाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, ईवी, हरित इस्पात, जहाज निर्माण, फिनटेक, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और कपड़ा क्षेत्रों से जुड़े हैं। इनमें से 83% निवेश प्रत्यक्ष विदेशी निवेश है, जबकि 16% निवेश विदेशी संस्थाओं और तकनीक के साथ है। ये एमओयू अमेरिका, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, सिंगापुर, जर्मनी, यूएई, नॉर्वे और कनाडा सहित 18 देशों की कंपनियों के साथ किए गए हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


