स्टूडियो की लाइटें एक-एक करके जलीं… कैमरे अपनी जगह पर सेट हो चुके थे और फ्लोर पर हल्की हलचल के बीच एक अलग-सी ख़ामोशी थी। ‘तेजस्विनी’ की टीम आज एक ऐसी मेहमान का इंतज़ार कर रही थी, जिनकी कहानी किसी मैदान या मंच से नहीं, बल्कि कारगिल युद्ध के उन कठिन दिनों से निकलकर आई थी।
कुछ ही देर में स्टूडियो का दरवाज़ा खुला। सधी हुई चाल, चेहरे पर सहज मुस्कान और आंखों में वही अनुशासन, जो वर्दी उतरने के बरसों बाद भी कम नहीं हुआ। उन्होंने सबसे गर्मजोशी से हाथ मिलाया, माइक लगवाया और कुर्सी पर बैठ गईं।
हमारे मन में एक ही सवाल था… एक बेटी, एक मां, एक पत्नी और एक सैन्य अधिकारी, इतने किरदारों को एक साथ जीने वाली महिला से बातचीत की शुरुआत कहां से करें?
“रोल… कैमरा… एक्शन” की आवाज़ गूंजी। स्टूडियो में सन्नाटा छा गया और बातचीत वहीं से शुरू हुई, जहां से उनकी ज़िंदगी ने करवट ली थी।
यह कहानी है कैप्टन याशिका हटवाल त्यागी की।
एक दर्द, जिसने जिंदगी का मकसद बदल दिया
एक दिन सेना का एक ट्रक उनके घर के दरवाज़े पर आकर रुका… उसमें था उनके कर्नल पिता का पार्थिव शरीर, जिन्होंने कई युद्धों में देश की सेवा की थी। महज़ सात साल की नन्ही याशिका तिरंगे में लिपटे अपने पिता को देख रही थीं। आंखों में आंसू थे, दिल में अपार दुख… लेकिन इसी दुख के बीच उनके मन में एक संकल्प जन्म ले रहा था कि एक दिन वह भी पिता की तरह भारतीय सेना की वर्दी पहनेंगी।
पिता को खोने के बाद भी यह संकल्प कमज़ोर नहीं पड़ा… जैसे ही सेना ने महिलाओं के लिए अधिकारी बनने का रास्ता खोला, उन्होंने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई में प्रशिक्षण लिया… पासिंग आउट परेड में उन्होंने अपने कंटिंजेंट की कमान संभाली और मेरिट के लिए रजत पदक हासिल किया…उन्हें आर्मी सर्विस कोर, यानी सेना की लॉजिस्टिक शाखा में कमीशन मिला।

सपनों से बर्फीली चोटियों तक का सफर
कैप्टन याशिका की पहली तैनाती पूर्वोत्तर में हुई… इसी दौरान उनका विवाह एक साथी सैन्य अधिकारी से हुआ। कुछ समय बाद वह मां बनीं, लेकिन परिवार की जिम्मेदारियों के साथ सेना में आगे बढ़ने का उनका जज़्बा भी कायम रहा।
इसके बाद उन्होंने लेह में तैनाती का रास्ता चुना… अत्यधिक ऊंचाई, कम ऑक्सीजन और शून्य से नीचे तापमान वाले इस दुर्गम इलाके में शुरुआत में उनके शरीर को भी काफ़ी जूझना पड़ा, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को वहां के माहौल में ढाल लिया…वह इस इलाके में तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारियों में शामिल हुईं।
कारगिल की आहट और दो वीरों की याद
लेह में उनका कार्यकाल पूरा होने ही वाला था, जब कारगिल में घुसपैठ की खबरें आने लगीं….सीमावर्ती इलाकों में तनाव तेज़ी से बढ़ रहा था और भारतीय सेना के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो रही थी।
उन दिनों को याद करते हुए कैप्टन याशिका दो नाम कभी नहीं भूलतीं: कैप्टन सौरभ कालिया और स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा।
हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के रहने वाले कैप्टन सौरभ कालिया जाट रेजिमेंट के अधिकारी थे…वह अपने साथियों के साथ काकसर क्षेत्र में गश्त पर निकले थे, जब पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें बंदी बना लिया…कई सप्ताह बाद उनका पार्थिव शरीर भारत को सौंपा गया, जिस पर यातना के गंभीर निशान थे…इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया।
कुछ ही समय बाद वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा बटालिक सेक्टर के ऊपर एक मिशन पर थे, जब उनका मिग विमान दुश्मन की मिसाइल की चपेट में आ गया…वह विमान से सुरक्षित बाहर निकले और पैराशूट से नीचे उतर रहे थे, तभी पाकिस्तानी सैनिकों ने उन पर गोलियां चला दीं। पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर गोलियों के घाव मिले…भारत सरकार ने इसे जिनेवा संधि और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताते हुए पाकिस्तान के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया…स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
कैप्टन याशिका के अनुसार, इन दोनों वीरों का बलिदान मोर्चे पर तैनात हर व्यक्ति के लिए दर्द भी था और संकल्प भी।

कारगिल युद्ध, द्रास में पति और एक महिला के तीन मोर्चे
कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन याशिका की चुनौतियां सिर्फ सैन्य जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं थीं…उस समय वह गर्भावस्था के दूसरे ट्राइमेस्टर में थीं और उनका डेढ़ साल का छोटा बेटा भी उनके साथ था…उनके पति ऑपरेशन विजय का हिस्सा थे और द्रास सेक्टर में युद्ध के बीच तैनात थे।
द्रास से आने वाली हर खबर के साथ एक पत्नी के रूप में उनकी धड़कनें तेज़ हो जाती थीं… साथ में छोटे बच्चे की देखभाल थी और आने वाले बच्चे की जिम्मेदारी भी…लेकिन एक सैन्य अधिकारी के रूप में उनका ध्यान अपने काम से कभी नहीं भटका।
आर्मी सर्विस कोर की अधिकारी के रूप में अग्रिम मोर्चों पर तैनात सैनिकों तक हथियार, राशन और दूसरी ज़रूरी सामग्री समय पर पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी थी…बर्फीले पहाड़ों और कठिन हालात के बीच उनका काम उस मज़बूत व्यवस्था का हिस्सा था, जिसके सहारे मोर्चे पर तैनात सैनिक लड़ाई जारी रख सके।
भारत ने कारगिल युद्ध में विजय हासिल की। युद्ध के कुछ समय बाद कैप्टन याशिका ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया।
वर्दी से विदाई, लेकिन सेवा का सफर जारी
उनकी सेवाओं के सम्मान में उन्हें ऑपरेशन विजय स्टार सहित कई पदकों से सम्मानित किया गया…वह बैटल रिपोर्ट प्राप्त करने वाली पहली महिला अधिकारी भी बनीं।
उस दौर में महिला अधिकारियों के लिए स्थायी कमीशन की व्यवस्था नहीं थी, इसलिए उन्हें सेना से विदा लेनी पड़ी…वर्दी भले ही उतर गई, लेकिन देश और समाज के लिए कुछ करने का जज़्बा कम नहीं हुआ…आज वह नेतृत्व प्रशिक्षक और प्रेरक वक्ता के रूप में युवाओं, खासकर युवतियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व की अहमियत समझाती हैं।
उनके पति ने सेना में अपनी सेवा जारी रखी और उनके दोनों बेटे अपने-अपने करियर में आगे बढ़ रहे हैं।

राष्ट्र के सम्मान से कर्तव्य पथ तक
समाज और महिला सशक्तीकरण में योगदान के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें ‘अस्मिता आइकन’ सम्मान से नवाज़ा। 26 जनवरी 2023 का गणतंत्र दिवस उनके जीवन का एक और ऐतिहासिक पल बना। कर्तव्य पथ पर पूर्व सैनिक निदेशालय की झांकी से राष्ट्रपति को सलामी देने वाली वह पहली महिला पूर्व सैनिक बनीं। जिस वर्दी को उन्होंने बचपन में पिता के पार्थिव शरीर पर देखा था, उसी के सम्मान में वह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के सामने खड़ी थीं।
टाइम्स नाउ नेशनल डिफेंस कॉन्क्लेव से लेकर उत्तराखंड के लोक भवन तक, उन्होंने बड़े मंचों पर अपने अनुभव साझा किए हैं। 10 अक्टूबर 2026 को ‘डीप-टेक 2030: बिल्डिंग टेक्नोलॉजी फॉर द माउंटेन’ कार्यक्रम में भी वह वक्ता के रूप में शामिल हुईं।
क्योंकि युद्ध सिर्फ बंदूकों और गोलियों से नहीं जीते जाते। जीत उन हाथों से भी बनती है, जो मोर्चे तक ज़रूरी सामान पहुंचाते हैं, और उन दिलों से भी, जो अपनों की चिंता के बीच कर्तव्य निभाते हैं। कैप्टन याशिका हटवाल त्यागी की कहानी इसी साहस, ममता और समर्पण की मिसाल है।
राष्ट्र के सम्मान से कर्तव्य पथ तक
समाज और महिला सशक्तीकरण में योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें ‘अस्मिता आइकन’ सम्मान से नवाज़ा।
26 जनवरी 2023 का गणतंत्र दिवस उनके जीवन का एक और ऐतिहासिक पल बना…कर्तव्य पथ पर पूर्व सैनिक निदेशालय की झांकी से राष्ट्रपति को सलामी देने वाली वह पहली महिला पूर्व सैनिक बनीं…जिस वर्दी को उन्होंने बचपन में पिता के पार्थिव शरीर पर देखा था, उसी के सम्मान में वह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के सामने खड़ी थीं।
टाइम्स नाउ नेशनल डिफेंस कॉन्क्लेव से लेकर उत्तराखंड के लोक भवन तक, उन्होंने बड़े मंचों पर अपने अनुभव साझा किए हैं…10 अक्टूबर 2026 को ‘डीप-टेक 2030: बिल्डिंग टेक्नोलॉजी फॉर द माउंटेन’ कार्यक्रम में भी वह वक्ता के रूप में शामिल हुईं।
क्योंकि युद्ध सिर्फ बंदूकों और गोलियों से नहीं जीते जाते…जीत उन हाथों से भी बनती है, जो मोर्चे तक ज़रूरी सामान पहुंचाते हैं, और उन दिलों से भी, जो अपनों की चिंता के बीच कर्तव्य निभाते हैं…कैप्टन याशिका हटवाल त्यागी की कहानी इसी साहस, ममता और समर्पण की मिसाल है।
और उनकी राष्ट्र सेवा की यात्रा निरंतर जारी है….


