मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन में आयोजित उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बैठक को सरकार की नीतिगत दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कैबिनेट बैठक के अहम फैसले
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि 20 से अधिक प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें स्वीकृति दी गई। उन्होंने कहा कि भीमराव अंबेडकर समेत भारतीय संविधान के निर्माताओं की प्रतिमाओं के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके तहत प्रतिमाओं पर छत और चबूतरे बनाए जाएंगे तथा उनका नवीनीकरण किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल से की जाएगी।
सपा पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी राज्य में सपा की सरकार रही है, तब बड़ी संख्या में दंगे हुए हैं। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र करते हुए कहा कि लोग आज भी उस घटना को नहीं भूले हैं। उनके मुताबिक सपा शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी।
महिला आरक्षण पर भी टिप्पणी
ब्रजेश पाठक ने कहा कि महिलाओं को लंबे समय तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया, लेकिन नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे को प्राथमिकता दी। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर सपा के विरोध और कांग्रेस की चुप्पी का भी जिक्र किया और आधी आबादी को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
मदरसा कानून पर क्या बोले राजभर
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मदरसा बोर्ड को लेकर कोई नया बिल नहीं लाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस कानून की चर्चा हो रही है, वह 2016 में सपा सरकार के दौरान पारित किया गया था और बाद में कैबिनेट से मंजूरी भी मिल चुकी है।
शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि शिक्षामित्रों के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। कैबिनेट ने उनका मानदेय 10,000 रुपए से बढ़ाकर 18,000 रुपए प्रतिमाह करने का फैसला लिया है। वहीं अनुदेशकों का मानदेय 9,000 रुपए से बढ़ाकर 17,000 रुपए कर दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब दो लाख परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
विपक्ष पर सरकार का हमला
मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ‘जंगलराज’ को नहीं भूली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में हुए अत्याचारों को जनता याद रखे हुए है और अखिलेश यादव को माफ नहीं करेगी।
जनता से जुड़े फैसलों पर जोर
मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि कैबिनेट ने जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए हैं। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। (इनपुट: आईएएनएस)


