अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत से रवाना, कहा- “क्षेत्र में आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को बढ़ाया आगे”

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो गुरुवार को भारत से रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी इस यात्रा का नतीजा क्षेत्र में भारत-अमेरिका की आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाना रहा। एक्स पर पोस्ट करते हुए रुबियो ने लिखा, “अभी भारत से रवाना हुआ हूं। हमने क्षेत्र में अपनी आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाया है।”

आर्थिक साझेदारी और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि आर्थिक साझेदारी और ऊर्जा सुरक्षा सहयोग को लगातार मजबूत करने से दोनों देश और अधिक सशक्त बनते हैं। रुबियो ने 21 अक्टूबर को मुंबई में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद अपनी भारत यात्रा पूरी की। यह यात्रा ऐसे समय में हुई जब नई दिल्ली और वाशिंगटन अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने और ऊर्जा सहयोग का विस्तार करने के प्रयासों में जुटे हैं।

डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात और 26/11 को श्रद्धांजलि

मुंबई में रुबियो ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और प्रस्तावित व्यापार समझौते पर चल रही बातचीत में हुई प्रगति पर चर्चा की। रुबियो ने नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इन हमलों में छह अमेरिकी नागरिकों की जान गई थी।

ऊर्जा सहयोग बना प्रमुख फोकस

ऊर्जा सहयोग दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर उभरा है। यात्रा के दौरान ऊर्जा व्यापार, रूस से भारत द्वारा किए जाने वाले पेट्रोलियम आयात और अमेरिकी ऊर्जा संसाधनों की खरीद बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई। रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा अमेरिका में एक नई पेट्रोलियम प्रोसेसिंग सुविधा में संभावित निवेश पर भी ध्यान केंद्रित रहा। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस संभावित परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने और रोजगार पैदा करने में मदद मिलेगी। (इनपुट-एजेंसी)